Shahjahanpur News: एसएस लॉ कॉलेज की छात्रा अनामिका ने पहले प्रयास में पास किया पीसीएस-जे

अनामिका यादव
शाहजहांपुर। एसएस लॉ कॉलेज से एलएलबी पासआउट अनामिका यादव ने अपने पहले ही प्रयास में पीसीएस-जे की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। अनामिका रामपुर की ग्राम पंचायत पटवाई की रहने वाली हैं। उनके पिता जयपाल यादव यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पीलीभीत में तैनात हैं।
अनामिका ने बताया कि उन्होंने अपने पिता की प्रेरणा से ही यह मुकाम हासिल किया है। वह पीसीएस-जे की परीक्षा के लिए ऑनलाइन तैयारी कर रहीं थीं। बताया कि बिजनौर के स्योहारा स्थित ज्ञानदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हाईस्कूल किया था। साल 2018 में पिता जयपाल यादव का ट्रांसफर शाहजहांपुर हो गया। इसके बाद अनामिका ने इंटरमीडिएट की परीक्षा शाहजहांपुर के एसएसएमवी से दी। इंटर के बाद एसएस लॉ कॉलेज में प्रवेश लिया। 2022-23 बैच से एलएलबी पास करने के साथ ही पीसीएस-जे परीक्षा की तैयारी में जुट गईं।
उन्होंने ऑनलाइन क्लासेस का सहारा लिया। पहली बार में ही पीसीएस-जे की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। अनामिका ने परीक्षा में 198वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उनका मकसद जज बनकर न्यायिक सेवा करना था। इसके लिए उनके पिता जयपाल यादव ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित किया। उनके साथ ही लॉ कॉलेज के प्रधानाचार्य जयशंकर ओझा का भी भरपूर सहयोग मिला। अनामिका के घर में उनकी मां पूनम यादव और दो छोटे भाई हिमांशु और वैभव हैं। हिमांशु का चयन साल 2022 में सीजीएल कंपनी में ऑडिटर के पद पर हुआ है। अनामिका की कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल है। एसएस लॉ कॉलेज के प्रधानाचार्य जयशंकर ओझा ने भी अनामिका यादव को उनकी कामयाबी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

