Shahjahanpur News: ट्रक में पीछे से घुसी बस का शीशा टूटा, सड़क पर लेटकर मांगा मुआवजा
भावलखेड़ा। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई बाईपास ओवरब्रिज के पास सेना के ट्रक को अनुबंधित बस ने पीछे से टक्कर मार दी। बस का शीशा टूट गया। इसके बाद बस चालक ट्रक के आगे लेट गया और मुआवजा देने की मांग करने लगा। इस कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने किसी तरह उसे समझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
सोमवार को सेना का ट्रक बरेली से लखनऊ की ओर जा रहा था। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई बाईपास ओवरब्रिज के पास एक ई-रिक्शा को बचाने के लिए ट्रक के चालक ने ब्रेक मारे। इतने में पीछे से आ रही शाहजहांपुर डिपो की अनुबंधित बस ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसे में बस का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि बस में बैठी किसी सवारी को चोट नहीं आई। हादसे के बाद बस चालक की सेना के ट्रक में बैठे जवानों से नोकझोंक होने लगी। बस चालक शीशा टूटने के बदले में मुआवजा देने के लिए कहने लगा जब रुपये देने से मना कर दिया तो चालक ट्रक के आगे लेट गया। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर थाना रामचंद्र मिशन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने भी जमकर नोकझोंक होती रही। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।