शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: युवती की फर्जी आईडी बनाकर डाल दिए वीडियो और फोटो, दो बार तुड़वा दी शादी

Connect News 24

खुटार। संबंध बनाने से मना करने पर एक युवक ने युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर वीडियो और फोटो अपलोड कर दिए। आरोपी युवक की इस हरकत से युवती की दो बार शादी भी टूट चुकी है। बावजूद इसके पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पुलिस दर्ज नहीं कर रही।

नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती का आरोप है कि मोहल्ले के ही एक युवक ने चोरी से उसके कुछ फोटो खींच लिए थे। आरोपी उससे जबरन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। उसने आरोपी को फटकार लगाई थी और परिजन को मामले की जानकारी दी थी। परिजन ने भी आरोपी के घर जाकर शिकायत की थी। कुछ दिन पूर्व आरोपी ने उसके नाम की सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बना दी और उस पर फोटो से कई रील बनाकर अपलोड कर दीं। कुछ रील में युवक ने उसके साथ अपना फोटो भी लगा दिया। वहीं युवती इस सब बातों से अंजान थी।

इस बीच परिजन ने युवती की शादी तय कर दी। जानकारी होने पर आरोपी युवक ने वर पक्ष के पास पहुंचकर युवती के चरित्र पर शक जताते हुए सोशल मीडिया पर चल रही रील और उसकी आईडी भी उन्हें बता दी। फोटो और वीडियो देखकर वर पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। जब दूसरी जगह रिश्ता तय हुआ तो आरोपी युवक ने वहां पहुंचकर भी शादी तुड़वा दी।

इसके बाद युवती की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस के पूछताछ करने पर युवक ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिए। सिपाहियों की सांठगांठ के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर युवती शुक्रवार को एसपी से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने युवती को थाने बुलाया। शुक्रवार को ही आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पुलिस के इस रवैए से युवती और उसका परिवार परेशान है। आरोप है कि युवक उनके घर रात में पत्थर फेंकता है।

सिपाहियों पर आरोपी युवक से सांठगांठ का आरोप

युवती अपने परिजन के साथ शुक्रवार को एसपी से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने युवती को थाने बुलाया था। युवती के भाई का आरोप है कि शुक्रवार शाम थाने जाने पर दो सिपाहियों ने उन्हें थानाध्यक्ष से नहीं मिलने दिया और आरोपी का शांतिभंग में चालान करा दिया। सिपाहियों ने कहा कि अब कोई कार्रवाई नहीं होगी। जहां चाहो, वहां शिकायत कर सकती हो। थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि उन्होंने युवती को बुलाया था, लेकिन कोई भी तहरीर लेकर थाने नहीं आया। इस कारण आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button