शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: दिवंगत विधायक मानवेंद्र के घर शोक-संवेदना व्यक्त करने आज आएंगे मुख्यमंत्री

Connect News 24

Chief Minister will come today to the house of late MLA Manvendra to express his condolences

शाहजहांपुर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते जिला प्रभारी सुरेश राणा। स्रोत-संगठन

शाहजहांपुर। ददरौल से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को ढकिया परवेजपुर आएंगे। उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी हो गया। उनके दौरे को देखते हुए मंगलवार को पूरे दिन व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त की गईं।

शुक्रवार सुबह आठ बजे भाजपा विधायक मानवेंद्र का दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह लिवर की बीमारी से ग्रसित थे। उनके निधन पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के बाद बुधवार को सीएम याेगी आदित्यनाथ के आगमन का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। सीएम के हेलिकाप्टर के लिए पैतृक गांव ढकिया परवेजपुर में खेत में हेलीपैड बनाया गया है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा पहुंचे। यहां बैरिकेडिंग कराई गई। कच्ची सड़क को समतल कराने के लिए रोड रोलर चलवाया गया। हेलीपैड से विधायक के घर तक अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

अव्यवस्था से बचने के लिए खुले में रखी जाएगी तस्वीर

-पैतृक गांव में विधायक की चौपाल में तस्वीर रखी गई है। यहां पर लोग श्रद्धासुमन अर्पित करने जाते हैं। सीएम के कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ होगी। इस दौरान अव्यवस्था से बचने के लिए चौपाल के बाहर खुले स्थान पर टेंट लगाकर तस्वीर रखे जाने पर निर्णय हुआ। मौसम खराब होने पर भी चौपाल में व्यवस्था रहेगी। इस दौरान जिला प्रभारी सुरेश राणा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, डीपीएस राठौर, अंशुल चौहान, नामित दीक्षित, दिवाकर सिंह, श्यामबाबू दीक्षित आदि मौजूद रहे।

400 सुरक्षाकर्मी संभालेंगे व्यवस्था

-सीएम के आगमन को अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके लिए दूसरे जिले से भी फोर्स मांगी गई है। करीब चार सौ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। एक दिन पहले ही पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। डॉग स्क्वॉयड, बम निरोधक दस्ता ने भ्रमण किया। एसपी देहात मनोज अवस्थी के अनुसार, एक एएसपी, छह सीओ और 150 पुलिसकर्मियों को मुख्यालय से मांगा गया है। इनके अतिरिक्त अपने जिले की फोर्स लगाई जाएगी। सभी की ड्यूटी को आवंटित करते हुए दायित्व को समझा दिया गया है। छतों पर भी सिपाही तैनात रहेंगे।

सीएम का मिनट-टू मिनट कार्यक्रम

11 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट बरेली पर राजकीय हेलिकाप्टर से सीएम आएंगे।

11:20 बजे ढकिया परवेजपुर में बने हेलीपैड पर आगमन होगा।

11:30 बजे स्व. विधायक मानवेंद्र सिंह के आवास पर जाएंगे।

11:45 बजे तक मानवेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि और परिजन से भेंट करेंगे।

11:50 बजे हेलीपैड की ओर प्रस्थान करेंगे।

11:55 बजे बरेली के त्रिशूल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

सीएम के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यालय से भी फोर्स को मांगा गया है।

-मनोज अवस्थी, एसपी देहात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button