Shahjahanpur News: टीला धंसने से बच्चे की गर्रा नदी में डूबकर मौत

पोस्टमार्टम हाउस पर बैठक मृतक के परिजन। संवाद
शाहजहांपुर। गर्रा नदी के किनारे खेलते समय अचानक टीला धंसने से बच्चा नदी में डूब गया। दो घंटे की मेहनत के बाद ग्रामीण बच्चे का शव नदी से तलाश पाए।
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव चंदगोई निवासी उपेंद्र वर्मा का 10 वर्षीय बेटा अभय शुक्रवार की शाम करीब छह बजे गांव के पास निकली गर्रा नदी के किनारे एक टीले पर खेल रहा था। तभी अचानक टीला धंस गया और बच्चा नदी में डूब गया। बच्चे को डूबते देखकर ग्रामीण नदी में कूद पड़े। काफी देर तक बच्चे को तलाश किया गया। करीब दो घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ।
बच्चे का शव देखकर उसकी मां जयमाला और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभय गांव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता था। परिवार में उससे छोटी एक बहन और एक बड़ा भाई है।
शारदा नहर में डूबा मजदूर
सिंधौली। गांव सिसैया निवासी 48 वर्षीय राजबहादुर शनिवार दोपहर शारदा नहर के उमरिया पुल पहुंचा और कपड़े उतारकर नहर में घुस गया। काफी देर तक उसके बाहर न आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
नहर विभाग के कर्मचारियों से फोन द्वारा संपर्क करने के बाद पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से राजबहादुर की तलाश शुरू की। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। राजबहादुर की पत्नी सुमन, पुत्र यशवीर, दलजीत, अजीत, अर्चित तथा विशाल बेहद परेशान थे। राजबहादुर मजदूरी करते थे। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि नहर में पानी का तेज बहाव है। उसकी तलाश की जा रही है। संवाद