शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बच्चों व गर्भवतियों को लगेंगे जीवनरक्षक टीके

Connect News 24

Children and pregnant women will get life saving vaccines

कलेक्ट्रेट से जन जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम उमेश प्रताप सिंह। विज्ञ​प्ति

शाहजहांपुर। सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान सात अगस्त से शुरू होगा। इसमें शून्य से पांच साल तक के छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं काे 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव के टीके लगाए जाएंगे।

पुराने जिला अस्पताल में आयोजित कार्यशाला में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि पहले चरण का शुभारंभ सात अगस्त से होगा। कलक्ट्रेट परिसर से मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए डीएम की अध्यक्षता में रैली निकाली जाएगी।

बोले- हर बुधवार व शनिवार को विभाग द्वारा टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जाता है। फिर भी किन्हीं कारणों से बच्चे व गर्भवती टीकाकरण से छूट जाती हैं। इसी को लेकर सघन मिशन इंद्रधनुष का प्रथम चरण सात से 12 अगस्त, द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर और तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर के मध्य चलाया जाएगा। आशा कार्यकर्ता जुलाई में घर-घर जाकर सर्वे करेंगी।

उन्होंने बताया कि जिले में 591182 परिवारों का सर्वे किया गया। इसमें 435653 बच्चों की संख्या है। अभियान में कुल 2168 टीकाकरण सत्रों का आयोजन होगा। इसमें 383 एएनएम, 2354 आशाएं और 1034 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहयोग करेंगी। इस मौके पर डॉ. कुमार गुंजन, डीएमसी यूनिसेफ हुदा जेहरा, मनोज कुमार, डीपीएम इमरान अली आदि मौजूद रहे।

जागरूकता रैली को डीएम ने किया रवाना

शाहजहांपुर। सघन मिशन इंद्रधनुष की जनजागरूकता रैली को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कलक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुराने जिला अस्पताल में संपन्न हुई। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने अभियान के अंतर्गत जनपद में टीकाकरण से वंचित जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चे और गर्भवती महिलाओं का सर्वे करवाकर वंचित बच्चों व महिलाओं को टीके लगवाने की जानकारी दी। रैली में एसपी कॉलेज, जीआईसी, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, मंगल सेन इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, एबी रिच इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, आर्य कन्या, आर्य महिला, सुदामा प्रसाद इंटर कॉलेज आदि के छात्र-छात्राओं व स्काउट गाइड के बच्चों ने प्रतिभाग किया। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button