Shahjahanpur News: खुटार में करंट लगने से मोर की मौत

गांव रूजहा कलां के पास ट्रांसफार्मर में चिपका मोर
खुटार। गांव रुजहा कलां में ट्रांसफार्मर से करंट लग जाने से एक मोर की मौत हो गई। सूचना पाकर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच कर पोस्टमार्टम कराया और शव दफन करा दिया।
बृहस्पतिवार रात एक मोर किसी तरह गांव रूजहा कलां के पास रखे ट्रांसफार्मर तक पहुंच गया। ट्रांसफार्मर से करंट लगने से मोर की मौत हो गई और वह ट्रांसफार्मर से ही चिपका रह गया। शुक्रवार की सुबह लोगों ने ट्रांसफार्मर से मोर को चिपका देखकर वनकर्मियों को सूचना दी। जानकारी पाकर वन दरोगा संतोष कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वन दरोगा ने बिजली उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई और मोर के शव को उतरवाया।
वन दरोगा ने मोर का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को दफन करा दिया। वनकर्मियों ने आशंका जताई है कि मोर कहीं से उड़ता हुआ ट्रांसफार्मर के पास आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि करंट से मारे की मौत की जानकारी मिली है। मोर को सम्मान के साथ दफन करा दिया गया है।