Shahjahanpur News: बच्चा वार्ड में मरीजों को लिखी बाहर की दवा, नगर मजिस्ट्रेट हुए खफा

शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में वार्ड का निरीक्षण करते नगर मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा।
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अच्छा इलाज न मिलने और बाहर की दवा लिखने की शिकायतें मिलने पर बृहस्पतिवार को डीएम के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चा वार्ड में दो मरीजों के पर्चे पर बाहर की दवाएं लिखी देखकर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार दोपहर नगर मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्र अचानक राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंच गए। उन्होंने ट्रामा सेंटर में मरीजों के तीमारदारों की भीड़ देखकर नाराजगी जताई। कहा, मरीजों की अच्छी देखभाल के लिए तीमारदारों को ट्रामा सेंटर के छोटे परिसर में आने से रोका जाए।
इसके बाद वह बच्चा वार्ड में गए। वहां 36 बेडों पर बच्चे भर्ती थे। इस बीच दो मरीजों के पर्चे देखने पर बाहर की दवा लिखी मिली। इस पर नगर मजिस्ट्रेट ने नाराजगी व्यक्त की। डॉक्टर ने बताया कि मरीज को यह दवा देनी जरूरी थी, तभी बाहर से लाने के लिए लिखी है। सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं को देने पर जोर दिया। इसके बाद एक्स-रे कक्ष में जाकर मरीजों से पूछताछ की। प्रभारी प्राचार्य डॉ. महेंद्र पाल से रोज होने वाले एक्स-रे के बारे में जानकारी ली। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र सिंह से भी मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए जोर दिया।
चौकी इंचार्ज की लगाई फटकार
अस्पताल गेट पर अतिक्रमण को देखकर नगर मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्र ने अंदर पहुंचकर चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार को तलब किया। अतिक्रमण को लेकर उनको फटकार लगाई। चौकी इंचार्ज ने सफाई दी कि वह अतिक्रमण करने वालों का चालान कर चुके हैं।