Shahjahanpur News: जाम से कराह उठा शहर, घंटों फंसे लोग

शाहजहांपुर में जाम को खुलवाने का प्रयास करता होमगार्ड
अधिवक्ताओं के धरना-प्रदर्शन के कारण सड़क को बंद करने से लड़खड़ाई यातायात व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। शहर में सोमवार को दिन में 12 बजे जाम लगने की वजह से लोग बेहाल रहे। जेल रोड और राजघाट पुलिस चौकी के पास घंटों लोग फंसे रहे। लग्जरी कारों से लेकर दो पहिया वाहन तक जाम में रेंगते रहे। भीषण जाम के चलते पुलिस के इंतजाम भी फेल नजर आए। करीब साढ़े तीन घंटे के बाद जाम खुलने से राहत मिली।
हापुड़ की घटना के विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं के सड़क पर उतरने के कारण कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले रोड को बंद करने के लिए खिरनीबाग चौराहे पर दोपहर 12 बजे बैरियर लगा दिया गया। इसके चलते सदर जाने वाले रोड पर वाहनों को मोड़ने से जाम लग गया। दूसरी ओर जेल रोड उबड़-खाबड़ होने के साथ ही वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद सड़क जाम की चपेट में आ गई।
ई-रिक्शे से लेकर लग्जरी वाहन तक फंस गए। मजबूरी में लोगों को अपना रास्ता बदलना पड़ा। दूसरी ओर कोतवाली क्षेत्र में राजघाट चौकी तिराहे पर भीषण जाम लगा रहा। यहां पर कार खराब होने के चलते जाम लगने की वजह सामने आई। गर्रा पुल से लेकर सरस्वती शिशु मंदिर और दूसरी ओर किला तक वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं।
जाम में फंसने से स्कूली बच्चे गर्मी के चलते बिलख पड़े। इसी तरह अस्पताल जाने वाले मरीज एंबुलेंस फंसने से परेशान रहे। मजिस्ट्रेट तक की गाड़ी जाम में फंसी गई। करीब साढ़े तीन बजे जाम खुलने से लाेगों ने राहत की सांस ली।
–
स्कूलों के बच्चे फंसे
छुट्टी के समय जाम लगने से तक्षशिला पब्लिक स्कूल, सुदामा प्रसाद कॉलेज, कर्नल एकेडमी, एमआर सिंधिया और बेसिक व माध्यमिक विद्यालय के सैकड़ों बच्चे जाम में फंसे रहे। ई-रिक्शों पर बैठे बच्चे गर्मी से बचाव के लिए पंखा करते रहे।
–
पुलिस ने नहीं दिखाई तेजी, जाम में फंसते गए लोग
राजघाट चौकी के पास जाम लगने के बाद भी थाने व चाैकी की पुलिस ने तेजी नहीं दिखाई। लंबा जाम लगने पर भी मात्र चार पुलिस कर्मी जाम खुलवाने में जुटे। इसके वजह से लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान हुए।
–
कचहरी रोड बंद होने के चलते कुछ देर जाम लगा था। राजघाट चौकी के पास जाम लगने पर स्टाॅफ को भेजा था। अधिक समय तक जाम नहीं लगा है।
– चंद्र किरण राव, यातायात निरीक्षक

शाहजहांपुर में जाम को खुलवाने का प्रयास करता होमगार्ड

शाहजहांपुर में जाम को खुलवाने का प्रयास करता होमगार्ड

शाहजहांपुर में जाम को खुलवाने का प्रयास करता होमगार्ड