Shahjahanpur News: दावे फेल, त्योहार पर बहन-भाई बेबस
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 16 Nov 2023 12:11 AM IST

अवध आसाम एक्सप्रेस में भीड़ के चलते पहले से ट्रेन में सवार यात्रियों ने गेट पर गमछा बांधकर लोग
शाहजहांपुर। भैयादूज के त्योहार पर भाई के घर पहुंचने के लिए बहनों को काफी ज्यादा दुश्वारियों को सहन करना पड़ा। जाम में फंसने के साथ ही ट्रेन और बस का इंतजार करना पड़ा। सीट को घेरने को लेकर धक्का-मुक्की तक झेली।
भैयादूज पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने हर रूट पर रोडवेज की बस मिलने का दावा किया था। लांग रूट की बस को लोकल रूट पर चलाने की तैयारी थी, लेकिन भीड़ उमड़ने के दौरान अव्यवस्थाएं हावी हो गईं। दोपहर 12 बजे बंडा-पुवायां रूट पर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ होने के बाद भी बस गायब थी। यात्रियाें ने बताया कि काफी देर से कोई बस नहीं आई। पूछताछ काउंटर पर जल्द बस आने की बात कहकर टाला जाता रहा। इसी तरह हरदोई रूट पर बसें नहीं होने के चलते निजी बस संचालकों ने मनमाने किराये पर यात्रियों को सफर कराया। हाल यह था कि रोडवेज की बस आते ही यात्री सीट घेरने को दौड़ पड़ते थे। मुख्य दरवाजे के साथ खिड़की व इमरजेंसी गेट से प्रवेश कर सीट को घेरा। धक्का-मुक्की के चलते कई बार नोकझोंक हो गई। मजबूरी में खड़े होकर भी लंबा सफर करना पड़ा। पीलीभीत, निगोही, पुवायां, बंडा, बरेली, लखीमपुर, गोला समेत कई रूटों के यात्री बसें समय से नहीं मिलने के चलते परेशान होते रहे।

