शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: दावा 85 फीसदी काम पूरा करने का, कनेक्शन दिए मात्र 11 हजार

Connect News 24

Claims to have completed 85 percent work, only Rs 11 thousand connections given

मोहल्ला बाडूजई में खोदी गई गली फाइल फोटो। संवाद

शाहजहांपुर। जल निगम शहर में सीवर लाइन का 85 फीसदी काम पूरा होने का दावा कर रहा है। बाकी कार्य भी 31 दिसंबर तक निपटा लेने की बात कही जा रही है लेकिन शहर में अब तक 35 हजार में मात्र 11 हजार कनेक्शन दिए गए हैं। ऐसे में छह दिन में बाकी 24 हजार कनेक्शन देकर काम पूरा होना मुश्किल लग रहा है। काम की रफ्तार देखकर कम से कम दो माह अभी और लगेंगे।

शहर में सीवर लाइन बिछाने का काम वर्ष 2021 में शुरू हुआ था। इस कार्य को जून 2023 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य दिया गया। काम की धीमी गति के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके बाद निर्माणदायी संस्था को 31 दिसंबर तक कार्य पूरा कराने का समय दिया गया लेकिन इस तिथि पर भी काम पूरा होता नहीं दिख रहा। जल निगम की माने तो सिर्फ 15 फीसदी काम बाकी है मगर अभी कई घरों में सीवर लाइन के कनेक्शन नहीं हुए हैं।

मेन होल से जोड़ी जा रही गलियों की लाइन

पिछले दिनों अंटा से जेल रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम हुआ। वर्तमान में यहां खोदी गई सड़क के गड्ढों को भरने और सड़क को समतल करने का काम चल रहा है। साथ ही गलियों में सीवर लाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम जारी है। रविवार को केरूगंज में गलियों में पड़ी सीवर लाइन को मुख्य सड़क पर मेनहोल से जोड़ने का काम हुआ। आने वाले दिनों में कचहरी रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम भी होना है। चारखंभा, गोविदगंज, टाउनहाल रोड, घंटाघर से रोडवेज स्थित रेलवे क्रॉसिंग तक गलियों में कनेक्शन देने और सीवर लाइन को मेनहोल से जोड़ने का काम होगा।

शहर की तीन प्रमुख सड़कें बनाएगा पीडब्ल्यूडी

जल निगम सीवर लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई शहर की प्रमुख सड़कों को फिर से बनाएगा। इनमें घंटाघर से रोडवेज स्थित रेलवे क्रॉसिंग तक, केरूगंज से अंटा चौराहा होकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक तथा राजघाट चौकी से पक्का पुल वाला मार्ग शामिल है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन महेंद्र पाल ने बताया कि सड़कों को सौंपने के लिए पत्राचार किया गया है। जल निगम को यथास्थिति में ही सड़कों को देना होगा। उसके बाद ही पीडब्ल्यूडी निर्माण कार्य शुरू करवाएगा।

सीवर लाइन बिछाने का काम 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। बाकी का काम भी जल्द पूरा करा लिया जाएगा। शहर के 35 हजार घरों में सीवर लाइन के कनेक्शन दिए जाने हैं। 11 हजार कनेक्शन हो चुके हैं। वर्तमान समय में गलियों को मेनहोल से जोड़ने और घरों में कनेक्शन देने का काम ही चल रहा है।

-विनय शाक्य, सहायक अभियंता, जल निगम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button