Shahjahanpur News: आज आएंगे सीएम योगी, भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में बनाएंगे माहौल
शाहजहांपुर। नगर निगम शाहजहांपुर में पहली बार हो रहे महापौर के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा समेत जिले के सभी स्थानीय निकाय में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सीएम योगी आदित्य नाथ रविवार को खिरनीबाग रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। सीएम का एक घंटे का कार्यक्रम तय है, इसमें वह भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। सीएम की सुरक्षा को लेकर शाम तक सारी व्यवस्थाओं को मुकम्मल कर लिया गया।
सीएम योगी आदित्य नाथ का हेलिकाप्टर रविवार को अपरान्ह 2.20 बजे पुलिस लाइन में उतरेगा। जहां से उनका काफिला सीधे खिरनीबाग स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा। सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी अधिकारियों के पास पहुंच गया। उनके दौरे को लेकर शनिवार को पूरे दिन व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
तीन जोन में बांटा कार्यक्रम स्थल, 700 पुलिसकर्मी लगाए
-सीएम के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। कार्यक्रम स्थल को तीन जोन में बांटकर 700 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेंगी। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि पांच सीओ व दो एएसपी व्यवस्थाओं को संभालेंगे। पीएसी बल भी तैनात रहेगा।
बिजली लाइनों को ऊंचा कराया
-जिस रास्ते से सीएम का काफिला गुजरेगा, वहां पर बिजली की लाइनों को दुरुस्त कराने में अधिकारी पूरे दिन जुटे रहे। शनिवार को दोपहर को करीब 12 बजे बहादुरगंज विद्युत उपकेंद्र की जेल रोड का शटडाउन लिया। इसके बाद कर्मियों ने लाइनों को ऊंचा किया।
रूट डायवर्ट : बेहद जरूरी हो तभी घर से निकलें, अन्यथा फंस जाएंगे
शाहजहांपुर। सीएम के आगमन को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए रूट डायवर्ट करने का प्लान बनाया है। शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सीएम के आगमन को लेकर सुबह दस से शाम पांच बजे तक रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। फर्रुखाबाद, बरेली, हरदोई, जलालाबाद की तरफ से आने वाली रोडवेज बसों को हरदोई चौराहा और सीतापुर, लखीमपुर, मोहम्मदी की तरफ से आने वाली बसों का संचालन हथौड़ा चौराहा से किया जाएगा। निगोही, बीसलपुर, पीलीभीत, पुवायां, बंडा, खुटार की बसों को मछली मार्केट तिराहे व हथौड़ा चौराहे से लोदीपुर, जीआईसी, रोडवेज, अशफाकनगर तिराहा से होते हुए सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों का आवागमन रहेगा बंद
सीएम की सभा खिरनीबाग रामलीला मैदान में होगी। इसलिए इसके ईद-गिर्द के रूट पर आवागमन को बंद रखा जाएगा। इस्लामिया तिराहे से पीडब्ल्यूडी तिराहा, जीआईसी से सुदामा प्रसाद चौराहा व किशोर न्यायालय तिराहे से एसपी कार्यालय व मैदान की तरफ सभी प्रकार के वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
सीएम की फ्लीट के समय रास्ता रहेगा बंद
-सीएम के आगमन के समय उनके रास्ते पर आगवामन को बंद कर दिया जाएगा। अशफाक नगर तिराहे से पुलिस लाइन मोड़, रोडवेज बस अड्डा, डिपो तिराहा होते हुए सारे वाहनों को बंद रखने की तैयारी है।
इन रास्तों से जा सकेंगे हल्के वाहन
-कार्यक्रम के दौरान अंटा चौराहा, मालखाना तिराहा, लाल इमली चौराहा, कवि मूर्ति तिराहा की तरफ से रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले हल्के वाहन मालगोदाम की तरफ से रेलवे स्टेशन के लिए जा सकेंगे।
चार स्थानों पर पार्किंग बनाई
-सीएम के कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए चार स्थानों पर पार्किग की व्यवस्था की गई। पुवायां व निगोही से आने वाले भारी वाहन प्रसाद भवन व ओसीएफ ग्राउंड व हल्के वाहन पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा के आवास के पास व दो पहिया वाहन जीआईसी कॉलेज मैदान पर खड़े कर सकेंगे।
रोजा व सेहरामऊ से आने वाले मन्नत मैरिज लॉन के सामने मैदान व जलालाबाद, कांट, कटरा व तिलहर से आने वाले वाहन भी लोदीपुर में खड़े कराए जाएंगे। कांट, कटरा तिलहर के चार पहिया व छोटे वाहन जेल के पीछे व बहादुरगंज पुलिस चौकी के सामने ग्राउंड पर खड़े किए जाएंगे। दो पहिया वाहन इस्लामिया कॉलेज में खड़े होंगे।
सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
2.20 बजे हेलिपैड पुलिस लाइन में आगमन
2.25 बजे खिरनीबाग रामलीला मैदान में आगमन
2.25 से 3.10 बजे तक जनसभा
3.20 बजे पुलिस लाइन से प्रस्थान