Pilibhit News: पुलिस को किशोरी की मेडिकल रिपोर्ट और बयान का इंतजार
– आरोपी युवक बोले- किशोरी ने फोन करके बुलाया, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
– किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बाग में घास काटने गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अब पुलिस किशोरी की मेडिकल रिपोर्ट और उसके अदालत में बयान का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की किशोरी शुक्रवार को दोपहर दो बजे गांव के समीप बाग में घास काटने गई थी। आरोप है कि मैलानी थाना क्षेत्र केे गांव ऊंचाखेड़ा निवासी पप्पू कुमार, गांव गौतम नगर निवासी उमेश ने बाग में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पहुंचे कुछ लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई की। कुछ लोगों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने किशोरी के भाई की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पकड़े गए आरोपी युवकों ने पुलिस को बताया कि किशोरी ने उन्हें फोन कर बुलाया था। थाने में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर कांत कुमार शर्मा ने बताया कि किशोरी को मेडिकल को भेजा गया है। इसके बाद उसके कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। मेडिकल रिपोर्ट और कोर्ट में बयान के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म की पुष्टी होने के बाद ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।