Shahjahanpur News: लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए होगा समिति का गठन

नगर निगम कार्यालय में कार्यकारिणी समिति की बैठक में मौजूद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर अर्च
नगर निगम कार्यालय में कार्यकारिणी समिति की बैठक में निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में कार्यकारिणी समिति की बैठक शनिवार को हुई। इसमें वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना व महापौर अर्चना वर्मा ने नगर निगम के कार्याें की समीक्षा करते हुए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में पार्षदों के सहयोग से लोगाें की समस्याओं के निस्तारण के लिए समिति का गठन किया जाएगा।
बैठक में वित्त मंत्री ने पथ प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था आदि की स्थिति की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने राज्य वित्त आयोग, 15वें केंद्रीय वित्त आयोग, उच्चीकृत/सीमा विस्तारित नगरीय निकायों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास, नगरीय पेयजल योजना, सीवरेज एवं जल निकासी योजना आदि की व्यवस्था के लिए अनुमानित लागत 169 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की जानकारी दी। कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष वेदप्रकाश मौर्या, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे।
वन टाइम सैटलमेंट स्कीम में माफ हो सकेगा पूरा ब्याज
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कर विभाग द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्ताव में वन टाइम सैटलमेंट स्कीम की जानकारी दी। बताया कि इसमें लोगों को गृहकर-जलकर की कुल धनराशि में से पूरा ब्याज माफ और कुल मूलधन धनराशि में से 20 प्रतिशत धनराशि की छूट का प्रावधान होगा। इस पर कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने सहमति दी। वित्त मंत्री ने सीवर लाइन के संबंध में जानकारी ली।