Shahjahanpur News: रोडवेज बस अड्डे में एआरएम से परिचालक ने की हाथापाई
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 12 Dec 2023 12:12 PM IST
शाहजहांपुर। तबादला होने से नाराज परिचालक ने शराब के नशे में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक प्रबंधक आरएस पांडेय के साथ हाथापाई कर दी। एआरएम ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी है। पुलिस परिचालक की तलाश कर रही है।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे एआरएम आरएस पांडेय रोडवेज बस अड्डे के बरामदे में खड़े थे। इस दौरान परिचालक अर्पित त्रिपाठी निवासी अल्हागंज शराब के नशे में आए और उन्हें अपशब्द कहने लगे। विरोध पर एआरएम के साथ अभद्रता कर दी। आरोप है कि उसने एआरएम से हाथापाई की। इस पर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिचालक भाग गया। एआरएम ने थाने पर तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि परिचालक की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए थी नाराजगी : कुछ दिन पहले लोड फैक्टर कम होने पर करीब आठ चालकों-परिचालकाें के आरएम कार्यालय से तबादले कर दिए गए थे। उसमें अर्पित भी शामिल था। बताया जा रहा है कि अर्पित का तबादला निरस्त कर दोबारा से उसे ज्वाइन कराया गया था लेकिन ट्रांसफर की कार्रवाई से वह नाराज था।