शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: घिसट रहा नए नगर निगम कार्यालय का निर्माण कार्य, संस्था को नोटिस जारी

Connect News 24

शाहजहांपुर। नए नगर निगम कार्यालय का निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से हो रहा है। 24 फरवरी तक निर्माण पूरा हो जाना था लेकिन अब तक महज 40 प्रतिशत कार्य ही हो सका है। देरी होने पर नगर आयुक्त ने संबंधित निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को हुई बैठक में नाराजगी व्यक्त की थी।

न्यू सिटी ककरा में नगर निगम के नए कार्यालय का निर्माण 2021 से कराया जा रहा है। इसे 28 फरवरी, 2023 तक पूर्ण किया जाना था। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस अभी तक महज 40 प्रतिशत कार्य करा सकी है। कार्यालय का निर्माण सीएंडडीएस की देखरेख में मैसर्स स्काईलाइन इंफ्रावर्ड प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ को करना है। इसके द्वारा भू-तल में चिनाई एवं छत ढलाई का कार्य पूरा करा दिया गया है।

प्रथम तल पर छत ढलाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। दूसरे तल पर 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अभी फिनिशिंग का कार्य किसी भी तल पर शुरू नहीं हुआ है। काम पूरा न होते देखकर संबंधित एजेंसी को अप्रैल 2024 तक काम पूरा करने का समय दिया गया है। नगर निगम कार्यालय के नए भवन निर्माण को शासन से 43 करोड़ 39 लाख 57 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे मुख्य भवन, लिफ्ट, बाउंड्रीवाॅल, यूजी टैंक, फायर फाइटिंग सिस्टम, पंप रूम, गार्ड रूम, छह मीटर चौड़ी सड़क, पार्किंग का निर्माण व स्ट्रीट लाइट लगाई जानी है।

नगर निगम कार्यालय की धीमी निर्माण गति पर संबंधित एजेंसी के ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। उस पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। काम जल्द नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। – संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button