Rampur News: छह डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम तापमान, ठिठुरे लोग
रामपुर। सर्दी अब चरम पर है। सुबह में कोहरा और शाम में शीतलहर का प्रकोप इस कदर हावी है कि जिले का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम के बदलते मिजाज से ठंड का असर बढ़ रहा है। तापमान में रोजाना उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम तेज ठंड का अहसास हो रहा है। दिन में धूप निकलने से राहत मिल रही है। बृहस्पतिवार को सुबह से ही ठंड रही। 10 बजे तक तेज धूप निकलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली। दोपहर के समय लोग धूप सेकते हुए नजर आए। शाम ढलते ही लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। वहीं ठंड के चलते शहर के मुख्य बाजारों में गर्म कपड़े की दुकानों पर भीड़भाड़ दिखाई दी। लोग शॉल व स्टाल से लेकर जर्सी सहित मनपसंद गर्म कपड़े खरीदते हुए दिखाई दिए। दिन का अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरा के चलते यातायात रहा प्रभावित
सुबह के समय अभी हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है। हालांकि धूप निकलने से पहले ही कोहरा साफ हो रहा है। कोहरा रहने से सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर जो लोग वाहनों से चल रहे थे। वह धीमी गति से चल रहे हैं। वाहनों की लाइटें जला ली गईं और धीमी रफ्तार से चलते रहे।