रामपुर

Rampur News: सांड़ के हमले में बाइक सवार इमाम की मौत

Connect News 24

रामपुर। गांव मंसूरपुर की जामा मस्जिद में नमाज पढ़ाने के लिए बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे बाइक से जा रहे इमाम मौलाना शादाब रजा (30) की बाइक कोहरे में सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशु (सांड़) की चपेट में आ गई। जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए, फिर सांड़ ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन उनके शव को अपने गांव ले आए, जहां उन्हें शाम को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अहरो निवासी मौलाना शादाब रजा पास के ही गांव मंसूरपुर की जामा मस्जिद में इमाम थे। बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे वह बाइक से जामा मस्जिद के लिए घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार अहरो-शीशगढ़ मार्ग स्थित सिसौना गांव के पास अचानक छुट्टा पशु (सांड़) बाइक के सामने आ गया। कोहरे की वजह से पता ही लग पाया कि पशु बाइक के सामने आ गया। सांड़ से टकराने के बाद मौलाना मय बाइक के सड़क पर गिर गए। सांड़ ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल शादाब रजा को उपचार के लिए बिलासपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजन उनका शव बिना पोस्टमार्टम के ही अस्पताल से अपने घर ले गए। शाम को मौलाना को गमगीन माहौल में गांव के ही कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

क्षेत्र के लोगों ने बताई छुट्टा पशुओं से परेशानी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि आये दिन छुट्टा पशुओं की बजह से बहुत दुर्घटनाएं हो रही हैं। छुट्टा पशुओं से क्षेत्र के लोग बहुत परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इन पशुओं के कारण किसानों का खेतों में रोजाना ही नुकसान हो रहा है, वहीं, सड़कों पर हादसे भी हो रहे हैं।

छुट्टा पशु ने उजाड़ दी इमाम के घर की खुशियां

ग्राम अहरो निवासी मोहम्मद शादाब रजा (30) मंसूरपुर की जामा मस्जिद के इमाम थे। परिजनों के अनुसार उनका एक 5 वर्ष का पुत्र अब्दुल रहमान है और 3 वर्ष की पुत्री आफिया है। शादाब के दो छोटे भाई दिलशाद और गुलफाम हैं, जो कि दिल्ली में मेहनत मजदूरी करते हैं। इमाम की मौत के बाद दोनों मासूमों केे सिर से पिता का साया उठने की चर्चा थी।

कान्हा गोशाला की भूमि की तहसीलदार कर रहे हैं जांच

बिलासपुर। तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने प्रस्तावित कान्हा गोशाला की करीब 10 एकड़ भूमि पर कब्जा पाने के लिए जांच शुरू कर दी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की वजह से फिलहाल अभी गोशाला की भूमि के लिए प्रशासन को कोई भी हरी झंडी नहीं मिल सकी है।

उप जिलाधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि प्रस्तावित कान्हा गोशाला के लिए उन्होंने ग्राम मुंडिया खुर्द में नवीन परती की करीब 10 एकड़ भूमि चिह्लित की है। भूमि पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है, जिसका मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने भूमि से संबंधित अभिलेखों की जांच करने के निर्देश तहसीलदार को दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि तहसीलदार की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम मुंडिया खुर्द स्थित प्रस्तावित कान्हा गोशाला की भूमि का निरीक्षण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी पहले कर चुके हैं। राज्यमंत्री ने ही स्थानीय प्रशासन को उक्त भूमि पर गोशाला का निर्माण करने के निर्देश भी दिए थे। एसडीएम का कहना है कि 10 एकड़ की भूमि पर गोशाला बनने पर छुट्टा पशुओं से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button