शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: रूठों को मनाओ, सबसे बनाओ तालमेल

Connect News 24

शाहजहांपुर। विधानसभा चुनाव 2022 में जिले की सभी छह सीटों पर हार का मुंह देखने वाली समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव को लेकर फूंक-फूंककर कदम रख रही है। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के बहाने राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की नब्ज टटोली। साथ ही सभी से तालमेल बनाकर चलने और जिले के 2400 बूथों को मजबूत करने के लिए निर्देश दिए। सामने आईं कमियों में अविलंब सुधार के लिए कहा।

2012 के चुनाव में सपा के खाते में छह में से तीन सीटें थीं। जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ ही नगर निकायों और विधान परिषद सीट पर भी कब्जा था। 2017 के विधानसभा चुनाव में केवल जलालाबाद की सीट सपा के पास रह गई। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो गया। जनसभाओं में भीड़ आने के बावजूद उसके वोट में परिवर्तित न होने की टीस सपा मुखिया अखिलेश यादव के मन में भी है। इसका जिक्र अखिलेश यादव ने खुद मंच से किया। विधानसभा चुनाव के बाद विधान परिषद और महापौर का चुनाव हारने के बाद सपा ने लोकसभा के लिए तैयारी करनी शुरू की है। प्रशिक्षण शिविर के बहाने जिले में दो दिवसीय प्रवास पर आए सभा प्रमुख अखिलेश यादव ने छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। गणमान्य लोगों से बातचीत की। उनका प्रमुख जोर बूथों को मजबूत करने पर रहा। अखिलेश यादव स्थानीय नेताओं से स्पष्ट तौर पर कह गए हैं कि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होना चाहिए। उन्होंने रूठे हुए लोगों को मना कर फिर से संगठन में वापस लाने के लिए कहा है।

सबको दी तरजीह, लिया फीडबैक: सभा प्रमुख अखिलेश यादव ने जिले के नेताओं में सभी को तरजीह दी। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने हर बार एक नए नेता को अपनी गाड़ी में बैठाकर सफर किया। जिलाध्यक्ष तनवीर खान, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, राजेश यादव, रोशन लाल वर्मा और जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव को भी अपनी गाड़ी में बैठाया और उनसे बातचीत की। सफर के बहाने उन्होंने संगठन की कमजोरी और मजबूती की स्थिति को भांप लिया।

जिले के बूथ पर काम शुरू करेगी सपा: ट्रेनिंग कैंप के बाद ऊर्जा से लबरेज सपा ने जिले के 2400 बूथों की मजबूती के लिए काम करना शुरू कर दिया है। एक प्रभारी को 10 बूथ दिए गए हैं। उसके ऊपर सेक्टर प्रभारी बनाया गया है जिसके अंदर 40 बूथ रहेंगे। इसी तरह जोन प्रभारी 80 बूथ पर काम करेंगे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button