Pilibhit News: गभिया सहराई में छह दशक पुराना दुर्गा पूजा मेला शुरू

गभिया सहराई गांव में दुर्गा पूजा में मौजूद श्रद्धालु । संवाद
कलीनगर। बंगाली बहुल गांव गभिया सहराई में छह दशक पुराना दुर्गा पूजा मेला प्रारंभ हो गया है। सात दिन चलने वाले इस मेले में क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शनिवार को मां दुर्गा की परंपरागत ढंग से पूजा की गई। मेले के दौरान बंगला नाटक के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
गभिया सहराई में लगने वाले मेले की कमेटी के अध्यक्ष कालीपद गाइन ने बताया कि गभिया सहराई में वर्ष 1965 में सर्वप्रथम मेला शुरू हुआ था। उनके पूर्वजों ने पूर्वी पाकिस्तान से यहां आकर मेले की शुरुआत की।
जिसमें भूपेंद्र बारोई के अलावा किरन मंडल, बलराम साधू, पंचा नंद शामिल थे। पहले जनपद में गभिया सहराई गांव में ही एक मात्र दुर्गा पूजा होती थी। कालीपद गाइन ने बताया कि छह दशक पुराने दुर्गा पूजा मेले की परंपरागत तरीके से शुक्रवार को शुरुआत हो गई है।
पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई। शनिवार को देवी पूजा का आयोजन किया गया। मेले के दौरान शुरुआती तीन दिन तक बंगला नाटक होंगे। अंतिम तीन दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिसमें उत्तराखंड के अलावा कोलकाता से भी कलाकार पहुंचे हैं। दसवीं को परंपरागत तरीके से पूजा का समापन किया जाएगा। गणेश तलपदार, डॉ विधान मंडल, अजीत ढाली, शंकर राय आदि व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं। संवाद