Shahjahanpur News: कचहरी का होगा विस्तार, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की जगह बनेंगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग
– वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ऑडिटोरियम के लोकार्पण कार्यक्रम में की घोषणा
– स्मार्ट सिटी के तहत अन्य भी कई परियोजनाएं, जिनका करवाया जाएगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भारत रत्न प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम के लोकार्पण के दौरान घोषणा करते हुए कहा कि कचहरी का विस्तार किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस को कचहरी में शामिल किया जाएगा। जिसमें मल्टी स्टोरी बिल्डिंग तैयार की जाएगी।
वित्तमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कचहरी को शहर के बाहर शिफ्ट करने की योजना थी, लेकिन कचहरी के शहर के बाहर जाने से आमजन और वादकारियों को काफी समस्या हो जाती। इसको देखते हुए यह निर्णय किया गया है कि पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस को कचहरी में शामिल किया जाएगा।
गेस्ट हाउस की करीब 5400 मीटर जमीन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग की जाएगी। जिसमें पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की नई बिल्डिंग सीतापुर हाईवे बनने जा रही है। उन्होंने बताया कि कचहरी के विस्तार के लिए हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से इस मामले में बात हो गई। विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
नया पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस जब तक तैयार नहीं हो जाता है तब तक सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में दो कक्ष तैयार किए जाएंगे। जिससे कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कचहरी के विस्तार से नई बिल्डिंग में कई न्यायालय संचालित हो जाएंगे। जिससे समस्याएं खत्म हो जाएंगी।
वित्त मंत्री की इस घोषणा से अधिवक्ता वर्ग में काफी हर्ष है। बताया कि शहीद म्यूजियम के बगल में भी एक डाक बंगला बन रहा है। जिसका जल्द ही लोकार्पण होगा।
पुलिस चौकियों में बनेंगे सामुदायिक केंद्र
– वित्त मंत्री ने कहा कि पुत्तूलाल चौराहा, सरायकइयां स्थित पुलिस चौकी में सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। इनके अलावा रेती रोड सांसद के सहयोग से सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। तीनों का टेंडर हो चुका है, एक पीडब्ल्यूडी और दो नगर निगम बनाएगा।
–
नया बस अड्डा बना, जल्द होगा शिलान्यास
– नेशनल हाईवे पर मेजबान के पास स्थित रास्ते पर एक नया बस अड्डा बनने जा रहा है। उसकी डिजाइन बन गया और धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। मोहम्मदी रोड, सीतापुर, हरदोई, बरेली, फर्रुखाबाद के लिए जाने वालों के लिए यह बस अड्डा बनाया जाएगा। जिसका शिलान्यास भी जल्द ही होगा।
–
यह योजनाएं भी पाइप लाइन में
– स्मार्ट सिटी के तहत शहीद द्वार में काॅमर्शिलय कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। जोकि मल्टीपरपज होगा। हनुमतधाम पर रिवर फ्रंट बनेगा। इसके अलावा बिजली शवदाह गृह भी बनाने की योजना है। इनके काम लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले शुरू कराए जाने की तैयारी है।

