Shahjahanpur News: दो प्रतिशत ब्याज पर कृषकों को दिया जाएगा फसली ऋण

जिला सहकारी बैंक में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभ
शाहजहांपुर। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि आने वाले समय में बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों के माध्यम से जिला सहकारी बैंक दो प्रतिशत ब्याज पर कृषकों को फसली ऋण देगी। वर्तमान में जहां अन्य बैंक चार प्रतिशत ब्याज पर कृषि लोन दे रही हैं। वहीं डीसीबी तीन प्रतिशत पर ऋण मुहैया करा रहा है।
जिला सहकारी बैंक मुख्यालय के अटल सभागार में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में राठौर ने कहा कि समितियों की क्रेडिट लिमिट 10 लाख की जाएगी। इसमें सरकार ब्याज अनुदान देगी। भूमि विकास बैंक प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के कृषक एवं अकृषक, छात्र, मजदूर के लिए अति अल्प ब्याज दर तीन से चार प्रतिशत पर ऋण उपलब्ध कराती है। शाहजहांपुर भूमि विकास बैंक वरिष्ठ प्रबंधक को इस वर्ग को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जनपद में योगी सरकार 50 सहकारी गोदामों की मरम्मत के साथ ही सहकारी एकीकृत और आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत 32 नए गोदाम/सहकारी भवनों का निर्माण करा चुकी है।
इसी वर्ष 250 मीट्रिक टन क्षमता का एक गोदाम और सौ मीट्रिक क्षमता के नौ गोदाम का निर्माण कराकर भंडारण क्षमता में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने डीसीबी और सहकारिता विभाग ने सदस्यता महा अभियान में रिकॉर्ड 1,25,026 सदस्य बनाने पर बधाई देते हुए कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। बैठक से पूर्व सहकारिता मंत्री ने कचहरी शाखा तथा बैंक जिला मुख्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश पैक्सफेड उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, डीसीबी अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, एआर को-ऑपरेटिव प्रवीण कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी, डीसीबी उपाध्यक्ष अजय प्रजापति, डीसीडीएफ चेयरमैन रमाकांत मिश्रा, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार चेयरमैन मुकेश राठौर, संचालक डॉ. रमाकांत दीक्षित, रोशनी देवी, अनुराग सिंह, दिव्यांश कोविद सिंह, कृष्ण कुमार वर्मा, अरुण कुमार सिंह, अंशुमान मैसी, भूपेंद्र सिंह भन्नू आदि मौजूद रहे।