Shahjahanpur News: पुलिया बनाई नहीं… सड़क खोदकर छोड़ दी मुसीबत

ग्राम पनौटा के मुख्य मार्ग पर पुलिया बनाने को खोदी गई सड़क और उससे निकलते बच्चे। संवाद
कुंवरगांव (बदायूं)। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव पनौटा के ग्रामीणों के लिए लोक निर्माण विभाग ने सड़क खोदकर मुसीबत में डाल दिया है। एक महीना पहले यह मुख्य पुलिया बनाने के लिए खोदी गई थी, लेकिन अब तक न पुलिया बनी है और न सड़क। ग्रामीण छह किलो मीटर का चक्कर काटकर कुंवरगांव आने-जाने के लिए मजबूर हैं।
गांव पनौटा को कुंवरगांव नगर से जोड़ने वाला यह इकलौता मार्ग है। कई साल से करीब तीन किलो मीटर सड़क उखड़ी पड़ी है। इसके अलावा कुंवरगांव कस्बे में रामलीला मैदान के नजदीक इस रोड की पुलिया टूटी है। करीब एक माह पहले लोग निर्माण विभाग ने पुलिया के निर्माण के लिए बीच में सड़क खोद दी। इससे गांव पनौटा का कुंवरगांव कस्बे से संपर्क ही टूट गया। सड़क को खोदे हुए करीब एक माह हो चुका है, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है और न ही पुलिया बनवाई गई है।
ग्रामीण दुलार, चंद्रपाल, राममूर्ति, गौरी सहाय आदि का कहना है कि आवागमन बाधित होने से गांव वालों को करीब छह किलोमीटर का फेर काटकर कुंवरगांव आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों की ओर से कई बार इसकी शिकायत की गई है। इसके बाबजूद पुलिया का निर्माण नहीं कराया जा रहा। इससे ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने डीएम से पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।

ग्राम पनौटा के मुख्य मार्ग पर पुलिया बनाने को खोदी गई सड़क और उससे निकलते बच्चे। संवाद