Shahjahanpur News: सड़क किनारे पड़ा मिला शव, नाराज परिजन ने लगाया जाम

सड़क पर लेट कर जाम लगाने का प्रयास करते परिजन को हटाती पुलिस। वीडियो ग्रेब
कांट। थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर जिगनेरा निवासी पातीराम (55) का शव कांट-जलालाबाद रोड पर पिपरोला चौकी के पास गोशाला के नजदीक झाड़ियाें में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद नाराज परिजन व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया।
पातीराम काफी समय से बीमार चल रहे थे। रविवार को करीब एक बजे कांट में स्थित डॉक्टर की क्लीनिक से दवा लेने के लिए साइकिल से जा रहे थे। करीब चार बजे पिपरोला चौकी के पास गोशाला के नजदीक झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। शव के ऊपर उनकी साइकिल पड़ी थी। शव देखकर लाेगों की भीड़ लग गई। मृतक के गांव में खबर दी गई, इसके बाद परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए।
बाद में परिजन ने ग्रामीणों की मदद से सड़क जाम कर दी। इसके चलते वाहनाें की कतारें लग गईं। बताते हैं कि करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामले को संभाला और परिजन को समझा-बुझाकर शांत कर जाम खुलवाया। पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को हादसा मान रही है।
शव को देखकर मृतक के परिजन ने सड़क को जाम करने का प्रयास किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर रोड खाली कराकर यातायात शुरू करा दिया। – सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

सड़क पर लेट कर जाम लगाने का प्रयास करते परिजन को हटाती पुलिस। वीडियो ग्रेब