Shahjahanpur News: दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, हत्या की आशंका

मृतक शानू का फाइल फोटो
गांव खेड़ासंडा गांव का मामला, भाई ने पत्नी और करीबियों पर जताया संदेह0
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव खेड़ासंडा गांव निवासी शानू मौर्या (27) का शव बृहस्पतिवार की सुबह तालाब में उतराता मिला। वह 22 अगस्त की रात करीब 12 बजे से लापता था। शानू के भाई ने उसकी पत्नी व कुछ अन्य लोगों पर हत्या का अंदेशा जाहिर किया है। सूचना पर एसपी सिटी सुधीर जायसवाल और सीओ सदर अमित चौरसिया ने मौका-मुआयना किया है।
शानू मौर्या खेतीबाड़ी कर परिवार का पेट पालता था। एक सप्ताह पहले वह बहन संगीता की ससुराल जलालाबाद गया था। 22 अगस्त को बेटे अवि का जन्मदिन होने के चलते वह घर लौटा था। दावत में आए मेहमानों को खाना खिलाने के बाद वह रात करीब 12 बजे घर से चला गया। आए दिन उसके रात में गायब होने के चलते परिजन ने तलाश नहीं की।
अगले दिन तक नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उसे तलाशा, पर कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार की सुबह गांव में मोबाइल टॉवर के पास बेलपत्र तोड़ने गए बच्चों को तालाब में शानू का शव उतराता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को नदी से निकलवाया। परिजन ने बताया कि मृतक के सिर में चोट का निशान मिला है। चेहरे पर भी दाग है।
ऐसा प्रतीत हो रहा कि जलाने का प्रयास किया गया। परिजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने फोरेंसिक यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
–
भाई ने भाभी पर जताया शक
बड़े भाई अरविंद ने शानू की पत्नी पूनम पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। अरविंद ने निगोही थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दंपती में आए दिन विवाद होता रहता था। आरोप लगाया कि 22 अगस्त को पूनम ने कुछ लोगों के साथ मिलकर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और शव को तालाब में डाल दिया।
–
शराब पीकर आए दिन करता था मारपीट
पुलिस ने मृतक की पत्नी पूनम से पूछताछ की है। उसने बताया कि पति शराब पीकर मारपीट करता था। बेटे के जन्मदिन वाले दिन भी शराब पीने के बाद मारपीट की। बेटे को भी पीटा था। इसके बाद वह घर से चला गया था।
–
दो दिन पुराना लग रहा है शव
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट का एक निशान मिला है। शव दो दिन पुराना था।
मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजन से पूछताछ की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
– सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

मृतक शानू का फाइल फोटो

मृतक शानू का फाइल फोटो