Shahjahanpur News: खेत में मिला हिरन का शव, सींग काट ले गया युवक, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
Updated Sun, 11 Jun 2023 12:55 PM IST

युवक ने हिरन का सींग काटा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में एक हिरन की मौत का मामला सामने आया है। गांव नवाजपुर में शनिवार को धान के खेत में हिरन का शव पड़ा मिला। इस बीच एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें एक युवक हिरन का सींग काटते दिख रहा है। रेंजर ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
शनिवार सुबह लोगों ने हिरन का शव पड़ा देखा। उसके शरीर पर गंभीर घाव थे। शव का काफी हिस्सा भी गायब था। सूचना पाकर वन दरोगा हीरालाल मौके पर पहुंचे। रेंजर मनोज श्रीवास्तव, सेक्शन ऑफिसर नंदा बल्लभ पांडे, वन दरोगा कामता प्रसाद वर्मा सहित कई वनकर्मी भी पहुंच गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खुटार ले जाया गया। इस बीच एक वीडियो भी वायरल हो गया। इसमें एक युवक हिरन का सींग काटता दिख रहा है।
खुटार रेंज के रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि हिरन की मौत कैसे हुई है, इसका पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सींग काटने वाले का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।