Shahjahanpur News: पूरे शहर में आ रही दुर्गंध, जांच कराने की उठाई मांग

सिटि मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपते नवगठित चेतना समिति के सदस्य।संवाद
शाहजहांपुर। कुछ दिनों से शहर में तेज दुर्गंध से लोग परेशान हैं। दुर्गंध कहां से आ रही है और किस चीज की है, इसका पता नहीं चल रहा है। जन चेतना समूह ने बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर दुर्गंध के स्रोत की जांच कराने की मांग की।
संयोजक अजय शर्मा ने कहा कि काफी दिनों से शहर में बेहद बदबू आ रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि संभवत: शहर के किसी उद्योग में प्रयुक्त कोई केमिकल इसकी वजह हो सकता है। इसकी आधिकारिक जांच बेहद जरूरी है। सचिव डॉ. विकास पांडेय ने कहा कि संविधान में जीवन के अधिकार में शुद्ध वायु, हरित वातावरण, स्वच्छ माहौल शामिल है। अगर इस बदबू को न रोका गया तो समूह सर्वोच्च न्यायालय में जिला प्रशासन के विरुद्ध याचिका दायर करेगा।
उपाध्यक्ष मोहित मेहरोत्रा ने कहा कि शहर में इस बदबू के चलते बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। अगर इस समस्या का समाधान न निकाला गया तो जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। इस दौरान डॉ. विकास खुराना, नवीन कपूर, सुमित खन्ना, बलराम शर्मा, सुमित प्रसाद, अजय शेखर आदि मौजूद रहे।
