Shahjahanpur News: देवोत्थान एकादशी आज, शादी-बरातें भी शुरू

नाजिम खां
शाहजहांपुर। देवोत्थान एकादशी बृहस्पतिवार को है। इसके साथ ही शादी-बरातों का दौर भी शुरू हो जाएगा। 16 दिसंबर तक मुहूर्त हैं। इस दौरान जिले में करीब 2000 से अधिक वैवाहिक आयोजन होने का अनुमान है। अकेले देवोत्थान एकादशी पर ही 100 से ज्यादा शादियां होंगी।
पं. अरुण कुमार शास्त्री ने बताया कि 23 से 29 नवंबर तक छह और तीन से 16 दिसंबर तक 13 शुभ मुहूर्त हैं। इनमें वैवाहिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक खरमास रहेगा। इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं होंगे। 16 जनवरी से मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे, जो 12 मार्च तक चलेंगे। 14 मार्च से 14 अप्रैल तक मीन की संक्रांति दोष (खरमास) रहेगा और मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे। 29 जून 2023 को श्रीहरि विष्णु योग निद्रा में चले गए थे। इसी दिन से चातुर्मास शुरू हो गए। इस बार सावन अधिक मास के कारण चातुर्मास चार की जगह पांच माह का रहा। चातुर्मास के साथ ही शहनाइयों की गूंज थम गई थी। 23 नवंबर को पांच माह के चातुर्मास की अवधि पूरी हो रही है। इसी दिन श्री हरि फिर योग निद्रा से बाहर आएंगे। देवउठनी एकादशी को स्वयं सिद्ध अबूझ सावा रहेगा। नवंबर में छह और साल के अंतिम महीने दिसंबर में सात सावे रहेंगे। इनमें बिना किसी पूछताछ के वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराए जा सकेंगे।
एक दिन में होंगे दो आयोजन
फोटो – 28
– शहर समेत आसपास के इलाकों में करीब 200 बरातघर हैं। इनमें 85 फीसदी की बुकिंग एक माह पहले से हो चुकी है जो बचे थे, वे भी अब बुक हो गए हैं। कई मैरिज लॉन में एक ही दिन में दो-दो आयोजन होंगे। उनके पास ही करीब 22-23 बुकिंग हैं। जबकि 19 दिन वैवाहिक आयोजन के लिए शुभ मुहूर्त बताए जा रहे हैं। – नाजिम खां, मैरिज लॉन संचालक
30 हजार से टेंट की शुरुआत
फोटो – 29
अधिकांश मैरिज लॉन में टेंट आदि की व्यवस्था रहती है। इसके बाद भी तमाम लोग खुले मैदान, धर्मशाला आदि में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराते हैं, इसके लिए टेंट की बुकिंग होती है। शहर में करीब 50 टेंट व लाइट के कारोबारी हैं, जिनके पास बुकिंग फुल है। टेंट की शुरुआत 30 हजार से हो जाती है, सामान्यत: डेढ़ लाख तक के लगते हैं।
– विष्णु कुमार मेहरोत्रा, अध्यक्ष, शाहजहांपुर टेंट एसाेसिएशन
एक दिन में दो बार बजाएंगे बैंड
फोटो – 35
बैंड-बाजा, डीजे, बग्घी सहालग के लिए बुक हैं। 23 नवंबर से लेकर 16 दिसंबर तक की बुकिंग बैंड-बाजा संचालकों को मिल रही है। कुछ लोग एक दिन में दो-दो बरातों के लिए बुकिंग कर चुके हैं। जोकि रात नौ बजे के बाद दूसरे आयोजन में पहुंचेंगे। जिले में सैकड़ों बैंड-बाजा संचालक है, उनको अच्छे कारोबार की उम्मीद है। – सबीर, बैंड संचालक
खाने-पीने के आइटम बनाएंगे कैटर्स
फोटो – 34
शादी-बरातों के लिए इस बार अच्छी बुकिंग मिली है। शहर में कैटरिंग का काम अधिक है। शायद ही कोई कैटर्स होगा जोकि खाली हो। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से खाने-पीने के आइटम बनवाते हैं जिसको जैसी जरूरत होती है, उसको उपलब्ध करवाया जाता है। 30 हजार से एक लाख रुपये तक कैटर्स अपनी फीस लेते हैं।
– रामदास, कैटर्स

नाजिम खां

नाजिम खां