Shahjahanpur News: सीएम डैशबोर्ड में 13 से 20वें पायदान पर आया जिला

बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश देते डीएम। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। सीएम डैशबोर्ड पर अक्तूबर में जनपद को प्रदेश में 20वीं रैंक मिली। जबकि, पिछले महीने 13वीं रैंक मिली थी। इसको लेकर डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की गई। डीएम ने सी, डी और ई रैंकिंग पाने वाले विभागों के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई बाधित होने पर प्राप्त सी रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब तलब किया। उद्योग विभाग द्वारा एमओयू में खराब प्रदर्शन के कारण डी रैंक प्राप्त होने और उद्यमी मित्र द्वारा जनपद में कार्य न किए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को भवन निर्माण में प्राप्त ई रैंक को लेकर डीएम ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की। जिला पंचायत राज विभाग की खराब रैंकिंग के कारण खराब प्रदर्शन करने वाले संबंधित प्रधान एवं सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीपीआरओ से कहा। पर्यटन विभाग की खराब रैंकिंग और पर्यटन विभाग के अधिकारी द्वारा संचालित परियोजनाओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न कराने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग से संबंधित योजनाओं का विवरण सही उपलब्ध न कराए जाने पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को बैठक में भेजने के लिए अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ एसबी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सुरेश कुमार, डीडीओ पवन सिंह, सीएमओ डॉ. आरके गौतम समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।