Shahjahanpur News: डीएम ने एसडीएम कोर्ट के कर्मचारियों पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 18 Oct 2023 01:00 AM IST

एसडीएम कोर्ट में फारियादियों की समस्याएं सुनते डीएम। प्रशासन
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने तहसील सदर में एसडीएम कोर्ट का मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने देखा कि वहां काफी संख्या में फरियादियों की भीड़ जुटी हुई है। जबकि एसडीएम मौजूद नहीं थे। लंबित वादों का निस्तारण नहीं होने पर डीएम ने मौजूद कर्मचारियों पर नाराजगी जताई और कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने मौजूद लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा कि कोर्ट में उनके वाद कब से लंबित हैं। एक-एक कर डीएम ने मौजूद सभी लोगों के लंबित वादों के विषय में जानकारी ली और स्वयं अभिलेख निकलवाकर लंबित वादों की स्थिति को देखा। डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि अधिक समय से लंबित वादों को जल्द निस्तारण करवाया जाए। संबंधित लोगों को उनके केस की स्थिति की सही जानकारी उपलब्ध कराएं जिससे कि उन्हें बेवजह कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े। डीएम ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुनवाई अवश्य की जाएगी।