Shahjahanpur News: बिजली कटने पर डीएम को आया पसीना, एसडीएम का पारा हाई

सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम। सूचना विभाग
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुछ देर के लिए बिजली कट गई। डीएम को पसीना आता देखकर एसडीएम सौरभ कुमार सिंह अधीनस्थों पर बरस पड़े। उन्होंने कहा कि तुरंत सप्लाई शुरू कराओ। कुछ देर में बिजली आने पर मामला सामान्य हुआ।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए 52 में से पांच का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान किया जाना सरकार की प्राथमिकता है। डीएम ने एसडीएम सौरभ कुमार सिंह को अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया।
डीएम ने कोतवाली इंस्पेक्टर की लगाई फटकार
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने चौक कोतवाली इंस्पेक्टर की फटकार लगाते हुए कहा कि तहसील के बाहर सड़क पर ऑटो और ई-रिक्शा नहीं दिखने चाहिए। मंत्री जी नाराज हो रहे थे। वीआईपी मूवमेंट के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
सुजातपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
डीएम ने भावलखेड़ा ब्लॉक की सुजातपुर ग्राम पंचायत में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों को शासन द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं की जानकारी दी। जनचौपाल के दौरान बिजली निगम के अधिकारी के अनुपस्थित होने पर डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने बीडीओ, प्रधान, पंचायत सचिव व लेखपाल को निर्देश दिए कि सरकारी योजना का लाभ जनता को मिलना चाहिए।
पुवायां में दर्ज हुईं 62 शिकायतें
शनिवार को पुवायां में एसडीएम संजय पांडे की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर राजस्व विभाग की 21, पुलिस की 30, विकास की सात, अन्य की चार सहित कुल 62 शिकायतें दर्ज की गई। तहसील समाधान दिवस में विधायक चेतराम ने भी जनता की शिकायतें सुनीं। सीओ पंकज पंत, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सृजित निगम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
तीन शिकायतों का हुआ निस्तारण
तिलहर। एडीएम एफआर डॉ. सुरेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न तहसील समाधान दिवस में प्राप्त 49 शिकायतों में मात्र तीन का निस्तारण मौके पर किया गया। विधायक सलोना कुशवाहा ने पीड़ित महिलाओं को निगोही आकर मिलने की सलाह दी। संवाद

