Shahjahanpur News: लापरवाही बरतने पर डीएम ने लेखपाल को किया निलंबित
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 38 शिकायतें आईं। तीन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए। ग्राम करौंदा की लेखपाल एकता मिश्रा के विरुद्ध दाखिल-खारिज में लापरवाही की शिकायत पर डीएम ने उन्हें निलंबित कर दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, विद्युत, आपूर्ति आदि विभागों से संबंधित शिकायतें आईं। थाना कांट एवं निगोही से अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर डीएम ने अगले 15 दिन विशेष अभियान चलाते हुए नायब तहसीलदार पर्यवेक्षण में शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी एस आनंद ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. आरके गौतम, डीएफओ प्रखर गुप्ता, एसडीएम सतीश चंद्रा, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
तिलहर में आई तालाब में कब्जे की शिकायत
तिलहर। एडीएम प्रशासन संजय पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नगर स्थित सरकारी तालाब को पाटकर कब्जा किए जाने का मुद्दा छाया रहा। नाराज एडीएम ने तहसीलदार व ईओ समेत पांच लोगों की कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कुल 23 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें तीन मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
वार्ड संख्या 20 के दूसरी बार निर्वाचित सभासद दिलीप सक्सेना अक्कू ने पालिका आराजी के रूप में दर्ज मोहल्ला उम्मरपुर स्थित सरकारी तालाब पाटकर किए जा रहे निर्माण की शिकायत की। इस दौरान विधायक सलोना कुशवाहा, एसडीएम दीपशिखा सिंह, सीओ प्रयांक जैन आदि मौजूद रहे। संवाद

