Shahjahanpur News: बरेली डिपो की बस में चालक व परिचालक को पाइप से पीटा

अल्हागंज में चोट दिखाते चालक व परिचालक।
अल्हागंज। बरेली डिपो की रोडवेज बस में यात्री और परिचालक में मारपीट हो गई। बैग का टिकट बनाने को लेकर नाराज यात्री ने अपने गांव में साथियों को बुलाकर चालक और परिचालक की पिटाई कर दी। दोनों को काफी चोटें आईं हैं। मामले की थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दिल्ली से रोडवेज की बस में क्षेत्र के गांव चौरसिया निवासी ऋषभ कुमार अपनी बहन के साथ सवार हुआ था। परिचालक प्रमोद कुमार निवासी गांव मिसडा थाना जलालाबाद ने ऋषभ व उसकी बहन का टिकट बनाया। उसके बैगों का किराया लेते हुए टिकट बनाकर थमा दिया। ऋषभ सामान का किराया देने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
परिचालक प्रमोद कुमार के अनुसार, शुक्रवार की सुबह गांव चौरसिया के सामने बस से उतरने से पहले ही ऋषभ ने अपने साथियों को बुला लिया। सामान उतारने के बाद लोहे के पाइप से चालक और परिचालक को काफी पीटा गया। बताया जा रहा है कि मारपीट में परिचालक का हाथ टूट गया। चालक की पीठ में भी चोटें आईं हैं। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
बहन से अभद्रता के चलते हुआ विवाद
थाने के दरोगा शिवमोहन ने बताया कि ऋषभ के मुताबिक, चालक और परिचालक ने उसकी बहन के साथ अभद्रता की थी। इसी के चलते मारपीट की घटना हुई है। किराया को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ।