Shahjahanpur News: आवास सूची में नाम न होने पर प्रधान के घर में घुसकर मारपीट
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। गांव बरहा मोहब्बतपुर में महिला ग्राम प्रधान के आवास पर गांव के दो युवकों ने अपने साथियों के साथ प्रधानमंत्री आवास सूची में नाम न होने पर जमकर हंगामा किया और घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ ने दोनों युवकों को पीट दिया। पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम प्रधान अनामिका गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की दोपहर गांव के ही आकाश तथा राम सिंह उसके घर पर आए और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी सूची में उनक नाम क्यों नहीं है। प्रधान ने दोनों लोगों से ऑनलाइन आवेदन करने को कहा तो वे गालीगलौज करने लगे।
बाद में वापस चले गए। आरोप है कि रात में दोबारा आकाश तथा राम सिंह अपने साथियों अर्जुन, राजाराम, प्रभु तथा परशुराम के साथ लाठी-डंडे और शस्त्र लेकर उसके घर में घुस आए। प्रधान तथा उनके पति ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। शोरशराबा सुनकर मौके पर आए लोगों ने दो आरोपियों को पीट दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। ग्राम प्रधान अनामिका गुप्ता की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।