Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में जला बुजुर्ग, बोला-बहू ने लगाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 12:34 AM IST

शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती गंगाराम से जानकारी लेते सीओ सिटी बीएस वीर कुमार।
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गांव सफ्तयारा निवासी गंगाराम (60) चौक कोतवाली क्षेत्र के नहर रोड पर संदिग्ध हालात में जले मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन का बैनामा न करने पर बहू ने बेटे के कहने पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें जला दिया। वहीं पुलिस की जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने खुद ही आग लगाई है।
गंगाराम ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र रघुनंदन व बहू उमा खेत को नाम कराने का दबाव बना रहे थे। मंगलवार को रघुनंदन बैनामा कराने के लिए पिता को कचहरी लेकर आया था, साथ में बहू भी थी। जहां गंगाराम ने खेत को बेटे के नाम करने से इन्कार कर दिया था। वह दंपती को छोड़कर चौक कोतवाली के नवादा इंदेपुर गांव जाने की बात कहते हुए चले आए थे। शाम करीब छह बजे जिला अस्पताल की नहर रोड पर रघुनंदन व उमा ने बुजुर्ग को घेर लिया। आरोप है कि बेटे के इशारे पर बहू उमा ने उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी और मौके से भाग गए। सूचना पर चौक कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने अस्पताल में पहुंचकर उनसे पूछताछ की। डॉक्टर के अनुसार, वह 75 प्रतिशत तक झुलस गया है। वहीं सरेराह बुजुर्ग को जिंदा जलाने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उनके शरीर पर लगी आग को मिट्टी आदि डालकर बुझा दिया था। लोगों ने पुलिस को बताया कि यह व्यक्ति अकेला ही जली हुई अवस्था में तड़प रहा था। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो पता चला कि गंगाराम जिला अस्पताल के सामने के फ्यूल पंप से शाम करीब 05.48 बजे एक थैले में प्लास्टिक के डिब्बे में डीजल लेकर आया था। पंप के कर्मचारियों ने इसकी पुष्टि की। घटनास्थल से वही थैला व प्लास्टिक का डिब्बा बरामद हुआ। पुलिस जब गंगाराम के गांव पहुंची तो पत्नी शरबती, बेटा रघुनंदन और बहू उमा देवी घर पर मौजूद मिले। अलग-अलग की गई पूछताछ में उन लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह गंगाराम शराब के लिए रुपये न देने से नाराज होकर घर से चले गए थे। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने खुद ही आग लगाई है।