Pilibhit News: बरखेड़ा में कमरे में लटका मिला कोटेदार का शव

राजेंद्र कुमार फाइल फोटो । स्रोत – ग्रामीण
एक दिन पहले पत्नी को बुलाने गया था ससुराल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव लखनऊ कलां निवासी कोटेदार का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव लखनऊ कलां निवासी भगवान दास ने बताया कि उनका 32 वर्षीय पुत्र राजेंद्र कुमार कोटेदार था। पांच दिन पूर्व उसकी पत्नी शकुंतला देवी मायके गई थी। इसके बाद दो दिन पूर्व वह अपनी पत्नी को बुलाने के लिए ससुराल गया था। मगर पत्नी ने आने के लिए मना कर दिया। इसके बाद वह वापस आ गया।
बुधवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से नहीं निकला तो मां ने कमरे में जाकर देखा। राजेंद्र का शव कमरे में कुंडे से रस्सी के फंदे से लटका मिला। इससे घर में कोहराम मच गया। शोर शराबा सुनकर आस पास के लोग व घर के अन्य परिजन भी एकत्र हो गए। इसी दौरान मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजवीर सिंह परमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि परिजनों के द्वारा किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।