Shahjahanpur News: आठ घंटे बंद रही निगोही रोड उपकेंद्र के 11 हजार घरों की बिजली

निगोही रोड स्थित पॉवरहाउस में हाइड्रोलिक से उठाकर रखा गया दस एमबी का ट्रांसफार्मर। संवाद
शाहजहांपुर। निगोही रोड विद्युत उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि के लिए मंगलवार को फिर करीब आठ घंटे तक 11 हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित कर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा गया। एक दिन पहले सोमवार को भी शटडाउन लिया गया था लेकिन क्रेन नहीं आने के चलते ट्रांसफार्मर नहीं रखा जा सका था। अधिकारियों की अव्यवस्था के कारण दो दिन उपभोक्ता परेशान रहे।
उपकेंद्र पर आठ और पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की जाती है। लगातार बढ़ रहे कनेक्शन के चलते पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ रहा था। इसलिए यहां दस एमवीए के ट्रांसफार्मर को लगाने की मंजूरी मिली थी। सोमवार को शटडाउन लेकर कार्य को कराया जाना था, लेकिन सुबह करीब आठ बजे फाल्ट आ गया। इस कारण करीब छह घंटे बिजली बंद रही। इसके बाद क्रेन नहीं आने के चलते भी काम पूर्ण नहीं हो सका। मंगलवार को फिर से काम शुरू कराया गया। 12 बजकर 20 मिनट पर शटडाउन लिया गया। इसके बाद लोगों ने उप केंद्र पर कॉल करना शुरू किए जहां से उन्हें देर शाम तक बिजली आने की जानकारी दी गई। लगातार बिजली नहीं आने से इन्वर्टर भी डाउन हो गए। बिजली गुल होने से शाम तक पानी का संकट भी खड़ा हो गया। मोटर नहीं चलने से घरों में पानी की टंकी भी खाली हो गई। इससे पेयजल संकट भी खड़ा हो गया।
दो क्रेन लगाकर उतारा डेढ़ करोड़ का ट्रांसफार्मर
-निगोही रोड उपकेंद्र पर पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर को हटाने के बाद दस एमवीए के ट्रांसफार्मर को लगाने के लिए दो क्रेन लगाई गई थीं। अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये होगी।
इन मोहल्लों में गुल रही बिजली
-चिनौर, एमईएस, पुलिस लाइंस, जलालनगर, निसरजई, पंचपीर, आंशिक सतवां, रोडवेज बस अड्डा, स्टेशन रोड, भुल्लन खां की चौपाल, तारीन जलालनगर, ढाका ताल, हाथीथान, गदियाना, दिलाजाक आदि।
यह होगा फायदा
-लगातार बढ़ रहे कनेक्शनों के चलते निगोही रोड उपकेंद्र की क्षमता 18 एमवीए हो जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को ओवरलोडिंग की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही लो वोल्टेज की भी समस्या नहीं होगी।