Shahjahanpur News: मत्स्य पालन से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मदनापुर के रहदेवा गांव में मछली पालन के लिए तालाब की खोदाई कराता किसान। संवाद
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के लिए योजना चलाई गई है। इसमें किसानों को निजी तालाब के लिए सरकार की ओर से 40 से लेकर 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। बावजूद इसके अब तक जिले में मात्र 22 आवेदन ही आए हैं। आवेदन की तिथि 15 दिन आगे बढ़ा दी गई है।
मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि के लिए सरकार की ओर से 0.2 से दो हेक्टेयर तालाब के लिए सामान्य वर्ग को 40 प्रतिशत का अनुदान दिया जा रहा हैं। इसकी लागत प्रति हेक्टेयर सात लाख आती है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं को इसके लिए 60 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसमें तालाब की खोदाई 60 प्रतिशत होने पर 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। बाकी 40 प्रतिशत अनुदान तालाब पूरा बनने के बाद दिया जाता है। इसके तहत मत्स्य उत्पादन लोगों को रोजगार दिलाने के लिए आइस बॉक्स सहित साइकिल, आइस बॉक्स सहित मोटरसाइकिल और आइस बाक्स सहित थ्री व्हीलर या ई-रिक्शा पर भी इसी अनुपात में अनुदान दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 40 से लेकर 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। आवेदन की 15 जून अंतिम तिथि थी, लेकिन आवेदन कम आने पर अब इसको बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है।
– एसी श्रीवास्तव, सहायक निदेशक मत्स्य

