Shahjahanpur News: पेशकार, कनिष्ठ सहायक और अन्य लोगों पर रिपोर्ट
पुवायां। तहसीलदार और तहसीलदार न्यायिक के न्यायालय से पांच मुकदमों की फाइलें गायब होने के मामले में प्रभारी तहसीलदार आशीष सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में निलंबित पेशकार मनोज गुप्ता और कनिष्ठ सहायक मोहित कुमार को अज्ञात व्यक्तियों की मिलीभगत से फाइलें गायब करने में नामजद किया गया है।
प्रभारी तहसीलदार के अनुसार तहसीलदार और तहसीलदार न्यायिक कोर्ट से पत्रावलियां गायब होने के संबंध में पांच शिकायतें मिली थीं। वादकारियों ने तत्कालीन पेशकार मनोज गुप्ता और कनिष्ठ सहायक मोहित कुमार पर आरोप लगाए हैं। मनोज गुप्ता को नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है।
इसके अलावा कई काश्तकारों की पत्रावलियां तहसीलदार सदर के सामने पेश करने के लिए लिखित रूप में कहा गया, लेकिन पत्रावलियां पेश नहीं की गई, जिससे उनका समय से निस्तारण नहीं हो सका। मनोज गुप्ता और मोहित कुमार इस घोर अव्यवस्था के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार हैं। दोनों की कुछ लोगों से मिलीभगत के कारण फाइलों के निस्तारण में विलंब, फाइलों का गायब होना और फाइलों का न्यायालय से बाहर जाना, क्रमबद्ध न करना, क्यूरी देने में टाल मटोल और गायब फाइलों के बारे में सही जानकारी न देने के चलते रिपोर्ट दर्ज कराने की संस्तुति की गई है। विभागीय कार्रवाई भी होगी। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पांच और फाइलें न मिलने की आईं शिकायतें
पुवायां के गांव लालपुर जेबां के रामपाल ने धारा 34 की नामांतरण पत्रावली, बंडा के गांव दौलतपुर महोलिया की जालिफा ने आत्माराम बनाम शिवदास की नामांतरण पत्रावली, अधिवक्ता लालाराम ने गांव मियांपुर जमीने बिलंदपुर और गांव नगरा शाजहां, गांव बिलैया के भारत सिंह ने टाइपशुदा अविवादित पत्रावली गायब होने की शिकायत की है। इसके अलावा तहसीलदार न्यायालय से पार्वती बनाम सतीश कुमार दलेलपुर जगदीशपुर, मीरा देवी बनाम श्रीकृष्ण गंगाई, तहसीलदार न्यायिक के न्यायालय से रामप्रकाश बनाम नत्थू ढाका खुर्द, अनिरूद्ध बनाम फूलकुंवरि नरौठा हंसराम, शारन्या सिंह बनाम राममोहन सिंह नरौठा की पत्रावली गायब हैं।
रिश्वत मांगने का भी आरोप
दर्ज कराई रिपोर्ट में जिक्र किया गया है कि कई वकीलों ने आरोप लगाया है कि निलंबित पेशकार मनोज गुप्ता और वर्तमान कनिष्ठ सहायक मोहित कुमार फाइलों का निस्तारण करने के लिए घूस मांगते हैं। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार दोनों प्रथम दृष्टया उत्कोच के लिए भी दोषी हैं।
…और भी फाइलें हो सकती हैं गायब
अब तक दस फाइलों के गायब होने का मामला सामने आया है। चर्चा है कि अभी और भी फाइलें गायब हो सकती हैं। मुकदमों की तारीख पड़ने पर गायब फाइलों की जानकारी हो सकती है। गायब हुई फाइलें जमीनी मामलों में नामांतरण आदि से संबंधित हैं। फाइलों के गायब होने को लेकर तहसील कर्मियों, वकीलों में कई तरह की चर्चाएं हैं।

