Shahjahanpur News: नहीं उतरे कर्मचारी, आज होगी प्रबंधन से वार्ता
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 02 Nov 2023 12:12 AM IST
शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के रौसर कोठी गांव स्थित यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड में 246 कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस मिलने के मामले में कोई समाधान नहीं निकल सका। विरोध में छह मंजिला प्रोसेस प्लांट पर चढ़े कर्मचारी मंगलवार की रात बिताने के बाद बुधवार को भी नीचे नहीं उतरे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहा। बताया जा रहा है कि कंपनी की ओर से अधिकारी बृहस्पतिवार को कर्मचारियों से बात करने आएंगे।
शराब फैक्टरी द यूनाइटेड स्प्रिट्स लिमिटेड में मंगलवार सुबह आठ बजे जब कर्मचारी पहुंचे तो वहां पंचिंग मशीन के तार कटे मिले। वाट्सएप पर उन्हें नोटिस मिला जिसमें फैक्टरी बंद करते हुए 244 नियमित और दो कैजुअल कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की बात लिखी हुई थी। इसके बाद कर्मचारी भड़क गए। नाराज कर्मचारी फैक्टरी के परिसर में बने बहुमंजिला प्रोसेस प्लांट पर चढ़ गए और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। सूचना पाकर कई थानों के पुलिसकर्मियों के साथ एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। कर्मचारी प्रबंधन के लोगों को बुलाने की जिद पर अड़ गए। शाम तक कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करने के बाद अधिकारी लौट गए। वहीं कर्मचारियों ने प्लांट पर ही रात गुजारी। बुधवार को भी कर्मचारी दिनभर प्लांट पर चढ़े रहे और देर रात तक नीचे नहीं उतरे। दोपहर करीब दो बजे शहर विधानसभा से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी पूनम पांडेय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कर्मचारियों को अपना समर्थन देते हुए कहा कि जिले में तीन मंत्री होने के बावजूद रोजगार देने के बजाय रोजगार छीना जा रहा है। मजदूर यूनियन के नेता श्याम सिंह ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन के उच्चाधिकारियों से बुधवार को वार्ता होनी थी जो किसी कारण से नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार को वार्ता होने का समय दिया गया है। यदि वार्ता के बाद कोई हल नहीं निकला तो श्रमिक कोई भी कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।