Shahjahanpur News: खंभे पर चढ़ा युवक, एक घंटा गुल रही 1800 घरों की बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 02 Nov 2023 12:13 AM IST
शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा निवासी हिमांशु राठौर (25) नशे में बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इस बीच सरायकाइयां फीडर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। करीब एक घंटे तक आपूर्ति बंद रखी गई। पुलिस और बिजली निगम की मशक्कत के बाद उसे पोल से उतारने के बाद पिता की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
बुधार शाम करीब 7:30 बजे हिमांशु मोहल्ला सरायकाइयां में ट्रांसफार्मर के किनारे लगी जाली पर पैर रखकर ऊपर चढ़ गया। वह नजदीक में लगे बिजली के खंभे पर चढ़ने लगा। इस बीच लोगों की भीड़ जुट गई। उसे मना करने पर वह और ऊपर की ओर चढ़ गया। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत ही रोजा उपकेंद्र पर फोन कर आपूर्ति को बंद कराया। इस दौरान सरायकाइयां फीडर के 18 सौ घरों की बिजली आपूर्ति को ठप कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। उसने अपने कपड़े उतारकर नीचे फेंकना शुरू कर दिए। वह पूरी तरह से निर्वस्त्र हो गया। बिजली निगम की टीम ने सीढ़ी लगाकर उसे उतारने की कोशिश की तो उसने सीढ़ी को ढकेल दिया। इसके बाद एक कर्मचारी को पोल पर चढ़ाया और दूसरे को सीढ़ी के जरिये ऊपर भेजा। तब उसे उतारा जा सका। हिमांशु शराब के नशे में था। पुलिस ने उसे पिता हिमांशु राठौर की सुपुर्दगी में दे दिया है।