शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: निगम के रोशनी गोदाम में तालाबंदी कर कर्मचारियों को बनाया बंधक

Connect News 24

शाहजहांपुर। नगर निगम के पार्षदों ने सफाई, स्ट्रीट लाइट, पानी आदि की समस्या का समाधान न होने पर रोशनी गोदाम में तालाबंदी कर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। करीब दो घंटे के बाद सहायक नगर आयुक्त मौके पर पहुंचीं। वार्ता के बाद उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

शनिवार अपराह्न करीब एक बजे पार्षदों ने उनके जनहित के कार्य न होने के चलते नगर निगम के रोशनी गोदाम में ताला डाल दिया। तालाबंदी कर कर्मचारियों को बंधक बना लिया, साथ ही खुद भी अंदर बैठ गए। कांग्रेस पार्षद तालिब ने बताया कि तीन महीने बीतने के बाद भी उनके कार्य नहीं हो रहे हैं। सफाई व्यवस्था चौपट पड़ी है। स्ट्रीट लाइट तक नहीं लगवा पा रहे हैं। पूरे शहर में खोदाई होने के चलते मरीज को एंबुलेंस वाले तक ले जाने से मना कर देते हैं। लगातार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है।

करीब सवा तीन बजे सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती ने मौके पर पहुंचकर वार्ता की। उन्होंने ताला डाले जाने पर नाराजगी जताई। तब पार्षदों ने जनहित के कार्य न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस बीच सदर बाजार पुलिस भी मौके पर आ गई। सहायक नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। संबंधित विभागों के प्रभारियों को बुलाकर पार्षदों से बैठक कराकर समाधान निकालेंगे। इस मौके पर पार्षद जीशान, सैयद तनवीर, अहसन खां, मोहम्मद रजी, अब्दुल सत्तार, मुख्तार, नईम, आसिफ आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button