Shahjahanpur News: रेलवे स्टेशन रोड से हटाया गया अतिक्रमण

रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण पर चलती जेसीबी
शाहजहांपुर। रोडवेज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सड़क किनारे लगीं अस्थाई दुकानें हटाई गईं। रेलवे स्टेशन गेट के सामने एक होटल के आगे किया गए अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया गया। दुकानदारों ने अतिक्रमण अभियान का विरोध भी किया, लेकिन उनकी एक न चली। मोहम्मदी रोड पर सुभाष चौराहा से लेकर ओवरब्रिज तक अभियान चलाया गया। सड़क किनारे लगे ठेलों को हटाया गया।
अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके चलते शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने रोडवेज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन रोड तक अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया। सबसे पहले बस अड्डा के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग से पहले सड़क पर दुकानें लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसके बाद टीम सीधे स्टेशन रोड की ओर चल दी।
अतिक्रमण हटाने की खबर लगते ही अस्थाई तौर से अतिक्रमण करने वाले दुकानदार अपना-अपना समान लेकर भाग गए। सड़क किनारे दुकानदारों ने जो अतिक्रमण कर रखा था। उनका सामान हटवाया गया और उन्हें आगे से अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद रेलवे स्टेशन के सामने होटल वाले ने सड़क पर अवैध कब्जा कर रखा था। अवैध कब्जे को जेसीबी से ढहा दिया गया। पीलीभीत जाने वाले स्टेशन तक अभियान चलाया गया। इससे पहले शुक्रवार सुबह मोहम्मदी रोड पर सुभाष चौराहा से लेकर ओवरब्रिज क अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया।
वर्जन-
अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा। जहां भी अतिक्रमण है लोग उसे स्वयं हटा ले, नहीं तो उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। – डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट