Budaun News: शार्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जला

राजा मंडी में दुकान में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
– शहर की राजा मंडी मार्केट में स्थित दुकान की दूसरी मंजिल पर था गोदाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजा मंडी में किराना दुकान की दूसरी मंजिल पर स्थित गोदाम में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। दुकानदार ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।
शहर के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी रामजीलाल की राजा मंडी में किराने की दुकान है। दुकान की दूसरी मंजिल पर उनका गोदाम है। शुक्रवार अपराह्न करीब दो बजे दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलते देख आसपास के दुकानदार उसे बुझाने में लग गए। कुछ ही देर में वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। इसी बीच मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई तो दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।