Shahjahanpur News: इटावा के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 02 May 2023 12:51 AM IST
भावलखेड़ा। इटावा जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तकिया निवासी 34 वर्षीय राजेश दुबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी मौत के बाद से पत्नी बच्चों के साथ गायब है। पुलिस ने उसके कमरे की जांच की है।
राजेश दुबे अपनी पत्नी पिंकी के साथ थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला मिश्रीपुर में किराये पर कमरा लेकर रहते थे। वह मेहनत-मजदूरी करते थे। रविवार शाम गंभीर हालत में राजेश को लेकर पिंकी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंची थीं। जहां डॉक्टर ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पिंकी बच्चों के साथ गायब हो गई। अस्पताल से मेमो आने के बाद आरसी मिशन पुलिस ने पड़ताल की। मृतक के गले पर रस्सी कसने का निशान था। उसके घर का मौका-मुआयना करने के बाद कमरे में रस्सी और कुंडा नहीं मिला, इससे आत्महत्या पर संदेह है।
सोमवार को राजेश की बहन अर्चना पत्नी रूप किशोर निवासी रोजा अस्पताल पहुंचीं। उसने बताया कि भाभी का फोन भी बंद जा रहा है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि अस्पताल से मेमो आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई।