Shahjahanpur News: साजिश के तहत किए जा रहे फर्जी एनकाउंटर

शाहजहांपुर में सपा की बैठक में बोलते प्रदेश महासचिव अता उर रहमान। स्त्रोत : संवाद
शाहजहांपुर। सपा के प्रदेश महासचिव व विधायक अताउर रहमान ने पुलिस के एनकाउंटर पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि विशेष समुदाय के लोगों की साजिश के तहत फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। एक तरफ पसमांदा मुस्लिमों के नाम पर मुसलमानों को भाजपा जोड़ने की बात करती है, दूसरी ओर मुसलमानों के साथ ज्यादती की जा रही है।
बिजलीपुरा स्थित सपा कार्यालय में संगठन की समीक्षा करने आए अताउर रहमान ने प्रेसवार्ता में कहा कि घोसी विधानसभा में पुलिस ने बर्बरता की थी। मदरसों को खाली कराया गया। इमामों को डराया गया। मोहल्लों के बिजली कनेक्शन काटे गए। इतना करने के बाद भी सपा की जीत हुई। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग न किया होता तो भाजपा की जमानत जब्त हो जाती।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं। बच्चा जब स्कूल जाता है तो उसकी मां ईश्वर से सलामती के साथ वापसी की दुआ करती है। रहमान ने तंज कसा कि अपराधी उत्तर प्रदेश से बाहर चले गए तो अपराध क्यों बढ़ गया है। प्रदेश महासचिव ने बसपा सांसद दानिश अली के साथ संसद में भाजपा सांसद द्वारा अमर्यादित टिप्पणी किए जाने की निंदा की।
उन्होंने कहा कि पहले भाजपा के लोग बाहर बयानबाजी करते थे, अब तो संविधान के मंदिर के अंदर भी टिप्पणी करने से नहीं चूकते। ऐसा करने वालों को पूरी जिंदगी के लिए सदन से बाहर कर देना चाहिए। इस बीच प्रदेश महासचिव ने तिलहर, निगोही विधानसभा की समीक्षा की। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, इंजीनियर अनीस अहमद खां, प्रोफेसर योगेंद्र यादव, उपेंद्र पाल सिंह, सैयद रिजवान अहमद, रामकुमार भोजवाल, गायत्री वर्मा, कमल किशोर कठेरिया आदि मौजूद रहे।