शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में गोली लगने से किसान की मौत

Connect News 24

Farmer died after being shot under suspicious circumstances

गांव मरेना के देवेश वाजपेयी का फाइल फोटो। संवाद

पुवायां। गांव मरेना निवासी 48 वर्षीय देवेश वाजपेयी का शव गांव से कुछ दूर खेत में पड़ा मिला। उनके माथे पर बीचोबीच गोली लगने से भेजा उड़ गया था। घटना सोमवार रात की है। मंगलवार सुबह लोग खेतों में गए तो देवेश का शव पड़ा देखा। उनकी टी-शर्ट पर तीन लोगों के घेर कर गोली मारने की बात लिखी है। इधर, देवेश के पिता रामसनेही ने आत्महत्या कर लेने की तहरीर दी है।

देवेश मूल रूप से गांव मरेना के रहने वाले थे। कुछ वर्षों से वह पुवायां के मोहल्ला हरदयाल कूंचा में मकान बनाकर परिवार सहित रह रहे थे। देवेश की दो शादियां हुईं थीं। उनकी दोनों पत्नियों की मौत हो चुकी है। देवेश फसल की रखवाली के लिए अक्सर गांव चले जाते थे। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने उनका शव खेत में पड़ा देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।

देवेश के माथे के बीच में गोली लगने से उनका भेजा उड़ गया था। पेट पर तमंचा भी रखा मिला। एक हाथ की कलाई पर बारूद जैसा कुछ लगा मिला है। देवेश वाजपेयी की टी-शर्ट पर पेन से लिखा था कि पड़ोस के गांव के तीन लोगों (नाम भी लिखे हैं) ने घेरकर गोली मार दी है। ये लोग काफी दिन से मारने को थे। हम बचते हुए यहां तक आए। पुलिस की सूचना पर शाहजहांपुर से फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।

उधर, देवेश के पिता रामसनेही ने पुलिस को लिखकर दिया है कि उनके पुत्र ने आत्महत्या की है। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरामद तमंचे की जांच भी की गई है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अगर आत्महत्या की तो टी-शर्ट पर किसने लिखी हत्या की बात

देवेश वाजपेयी की टी-शर्ट पर तीन लोगों के घेरकर गोली मारने की बात लिखी है। माथे पर गोली लगने के बाद उनका खुद यह लिख पाना संभव नहीं है। पिता ने तहरीर भी आत्महत्या कर लेने की दी है। बड़ा सवाल यह है कि ऐसे में देवेश वाजपेयी की टी-शर्ट पर पेन से किसने और क्यों लिखा है। पुलिस इसका पता लगा रही है। यदि टी शर्ट पर किसी और ने लिखा है तो पुलिस उस के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है। इसके अलावा पेट पर तमंचा रखा मिला और दोनों हाथ तमंचे के ऊपर थे। अगर देवेश ने आत्महत्या की है तो तमंचा पेट पर कैसे मिला।

पुत्र की हाल ही में हुई थी शादी

देवेश वाजपेयी के दो पुत्र हैं। उनके पुत्र सुयश की एक सप्ताह पूर्व ही शादी हुई थी। देवेश वाजपेयी की मौत से शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन देवेश की मौत के मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button