Shahjahanpur News: सियार के हमले में घायल किसान की मौत
खुटार। सियार के हमले में घायल किसान ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोपहर बाद किसान का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव नवाजपुर निवासी रामचंद्र शुक्ला (75) अपने पौत्र अमन शुक्ला के साथ 21 जून को खेत पर जा रहे थे। रास्ते में खुटार और जनपद लखीमपुर के मूड़ा निजाम मार्ग पर अचानक गन्ने के खेत से निकले सियार ने दोनों पर हमला कर दिया था। हमले में अमन भी घायल हो गए थे। पौत्र को बचाने पर सियार ने रामचंद्र शुक्ला को भी काटकर जख्मी कर दिया था।
रामचंद्र शुक्ला के पुत्र ब्रजेश ने बताया कि उन्होंने पिता और बेटा दोनों को खुटार सीएचसी पर एक-एक एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया था। बाद में मेडिकल स्टोर से भी खरीदकर दोनों को एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाए थे। बावजूद इसके सोमवार रात पिता रामचंद्र शुक्ला की तबीयत बिगड़ गई। उनको शाहजहांपुर के निजी अस्पताल ले गए थे। मंगलवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रामचंद्र शुक्ला की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।