Shahjahanpur News: नेशनल हाईवे पर हादसे में चार कांवड़िये घायल
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बाइक सवार चार कांवड़ियों को डीसीएम ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस घायल कांवड़ियों को सीएचसी लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद सभी कांवड़ियों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार की शाम हरदोई के रहने वाले छह कांवड़िये तीन बाइकों से फर्रुखाबाद से कांवड़ में जल लेकर गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना हुए। शुक्रवार तड़के लगभग 3:45 बजे तिलहर में हाईवे पर मंडी समिति के समीप पीछे तेज गति से आ रही डीसीएम ने कांवड़ियों की दो बाइकों में टक्कर मार दी। कांवड़ियों के घायल होने की सूचना पर थाना प्रभारी धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें सीएचसी पहुंचाया।
हरदोई के लालपालपुर निवासी अरुण गुप्ता, उसके पिता रामसागर गुप्ता, मौसा शाहबाद के गांव सलेमपुर निवासी धनीराम गुप्ता और सलेमपुर निवासी सूरज घायल हुए हैं। अरुण ने बताया कि दुर्घटनास्थल के समीप सड़क पर पंक्चर ट्रैक्टर खड़ा हुआ था। वे ट्रैक्टर देखकर रुके थे कि पीछे से डीसीएम ने टक्कर मार दी। सीएचसी से रेफर होने के बाद मेडिकल कॉलेज में कांवड़ियों का इलाज किया गया। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर से बाइक सवार टकरा गए थे। डीसीएम से मामूली चोट लगी है। डीसीएम को पकड़ने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

