Shahjahanpur: 35 फिट गहरे बोरवेल में गिरी डेढ़ साल की बच्ची, जेसीबी से खोदाई कर बाहर निकाला

35 फिट गहरे बोरवेल में गिरी डेढ़ साल की बच्ची
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव विरासिन में शनिवार सुबह अभिषेक की डेढ़ साल की बेटी रिचा गुप्ता बोरवेल में गिर गई। दमकल यूनिट ने जेसीबी से खोदाई कराकर बमुश्किल उसे बाहर निकाला।
अभिषेक ने अपने घर के बाहर बोरवेल के लिए गड्ढा खुदवाया था। 35 फिट गहरे गड्ढे को बोरी डालकर ढक दिया गया था। सुबह करीब दस बजे उनकी डेढ़ साल की बेटी रिचा खेलते हुए गढ्ढे के पास पहुंच गई। परिवार के लोगों के ध्यान नहीं देने पर रिचा गड्ढे में गिर गई। उसके रोने की आवाज को सुनकर परिवार वालों ने तलाश शुरू की। गड्ढे के अंदर झांक कर देखा तो रिचा दिखाई दी। काफी कम चौड़े गड्ढे से उसे निकालना संभव नहीं था।
इस बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। एफएसओ डॉ. बीडी पटेल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर पूर्वाह्न 11.10 मिनट पर बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने बगल से जेसीबी द्वारा खोदाई करके करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका परीक्षण किया। उसकी तबीयत फिलहाल ठीक है। बच्ची को ठीक देखकर घर वालों की जान में जान आई।

